कई फिल्मी गानों को अपनी आवाज देने वाले एडवा ज्यादातर लाइव कॉन्सर्ट के लिए जाने जाते थे। उनका निधन भी एक कॉन्सर्ट के दौरान ही हुआ।
साउथ फिल्म से एक दुखद खबर सामने आई है। मलयालम संगीत जगत ने एक दिग्गज गायक एडवा बशीर का निधन हो गया है। मशहूर सिंगर ने 78 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। उनके अचानक हुए निधन से ना सिर्फ उनके फैंस दुखी हैं बल्कि मनोरंजन जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई है। कई फिल्मी गानों को अपनी आवाज देने वाले एडवा ज्यादातर लाइव कॉन्सर्ट के लिए जाने जाते थे। उनका निधन भी एक कॉन्सर्ट के दौरान ही हुआ।
सिंगर हाल ही में केरल के अलाप्पुझा में ब्लू डायमंड ऑर्केस्ट्रा मंडली के स्वर्ण जयंती के अवसर पर आयोजित हुए एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इन दौरान उन्होंने के. जे. येसुदास का मशहूर गाना भी गाया, लेकिन किसे पता था कि ये गाना उनका आखिरी गाना साबित होगा। मंच पर गाना खत्म होते ही वह बेहोश हो गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
एडवा बशीर कार्यक्रम में येसुदास का गाना ‘माना हो तुम बहुत हसीना’ गा रहे थे। इस गाने के खत्म होते ही वह अचानक गिर पड़े और उन्हें तुरंत नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना बीती रात करीब 9.30 बजे की बताई जा रही है। सिंगर के इस लाइव स्टेज परफॉर्मेस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें सिंगर गाना गाने के बाद बेहोश होकर गिरते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि एडवा बशीर संगीत जगत के एक अनुभवी गायक थे। उन्होंने स्वाति थिरुनल संगीत अकादमी से संगीत में शैक्षणिक डिग्री हासिल की थी। इसके अलावा उन्होंने साल 1972 में ‘कोल्लम संगीतालय गणमेला मंडली’ का भी गठन किया था। एडवा ने ‘वीना वायिकुम’ गाने से फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू किया था, जिसके बाद वह देखते ही देखते लोगों के बीच लोकप्रिय हो गए थे।