बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के फैंस उन्हें लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर देखने के लिए बहुत उत्साहित हैं। शाहरुख खान बहुत जल्द फैंस को तीन बड़ी फिल्मों की सौगात देने जा रहे हैं, जिनमें से एक है राजकुमार हिरानी की अपकमिंग फिल्म 'डंकी'। इस फिल्म के लिए पहली बार राजकुमार हिरानी और शाहरुख ने हाथ मिलाए हैं। इतना ही नहीं तापसी पन्नू भी पहली बार ही 'डंकी' में बादशाह के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। दोनों ही अभिनेता इस समय लंदन में अपनी फिल्म की शूटिंग करने में व्यस्त हैं। शाहरुख पूरी कोशिश कर रहे हैं कि फिल्म से उनका लुक लीक ना हो। लेकिन उनकी और मेकर्स की टाइट सिक्योरिटी के बावजूद फिल्म के सेट से उनके कईं फोटो लीक हो चुके हैं और अब एक बार फिर ऐसा ही कुछ हुआ है। इस बार शाहरुख खान के साथ-साथ अभिनेत्री तापसी का भी फोटो लीक हो गया है। यह लीक्ड फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।