नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई के ड्रग सप्लायर फारुख बटाटा के बेटे शादाब बटाटा को गिरफ्तार किया है। उसकी काफी दिनों से तलाश थी। एनसीबी ले गुरुवार देर रात मुंबई में तीन जगहों पर छापामारी की। इस दौरान शादाब के पास से दो करोड़ रुपय के ड्रग्स, एक लग्जरी कार और नोट गिनने की एक मशीन बरामद हुई है। एनसीबी ने यह छापामारी अंधेरी के लोखंडवाला, वर्सोवा इलाके के साथ-साथ मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके में भी की थी।
शादाब को आज एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा। मालूम हो कि शादाब बटाटा ड्रग्स के धंधे में काफी समय से जुड़ा हुआ है। खबरों की मानें तो मुंबई में बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को भी बटाटा ड्रग्स सप्लाई करता था।
सड़क पर बेचता था आलू इसलिए नाम पड़ा बटाटा
कहा जाता है कि फारुख पहले सड़कों पर आलू बेचता था, इसीलिए उसके नाम के साथ बटाटा जुड़ गया। फारुख शेख उर्फ फारुख बटाटा मुंबई के ड्रग डीलरों में सबसे बड़ा नाम है। नशे के पूरे कारोबार में पूरा कामकाज अब उसके दोनों बेटों ने संभाल लिया है। बीती रात की रात की छापेमारी में एनसीबी ने शादाब बटाटा को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि फारुख मुंबई में एम एमडीएमए के अलावा विदेशों से आने वाली ड्रग जैसे एलएसडी, गांजा, बड, कोकीन का बड़ा सप्लायर है। ऐसे में एनसीबी उसके बेटे की गिरफ्तारी को एक बड़ी कामयाबी के तौर पर देख रही है। साथ ही उनका मानना है कि वह मुंबई की हर बड़ी ड्रग्स पार्टीज में वह ड्रग्स सप्लाई करता है।
सुशांत केस में भी आया नाम
शादाब बटाटा का नाम अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में भी आया था। पता चला है कि फारुख का दूसरा बेटा सैफ भी मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त है। वह अपनी लक्जरी गाड़ियों में बॉलीवुड सेलेब्रिटीज को ड्रग्स की आपूर्ति करता था।
बीते दिन एनसीबी ने ड्रग पेडलर्स के खिलाफ मुंबई के अंधेरी और डोंगरी इलाके में छापेमारी की थी। इससे पहले बीती 7 फरवरी को भी अंधेरी और डोंगरी इलाके में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने छापेमारी की थी। इसमें भगोड़े माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम के गुर्गे परवेज खान उर्फ चिंकू पठान को गिरफ्तार करने में सफलता मिली थी।