मनोरंजन जगत के दिग्गज अभिनेता और थिएटर आर्टिस्ट पीसी सोमन का निधन हो गया। पी सी सोमन ने केरल में शुक्रवार की सुबह 4 बजे अंतिम सास ली। वो 81 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि उन्हें उम्र संबंधी कुछ बीमारियां हुईं थीं जिसके कारण उनका निधन हो गया। सोमन ने थिएटर में काम करने के बाद फिल्मी दुनिया में कदम रखा था।
लेजेंडरी फिल्ममेकर अडूर गोपालकृष्न की फिल्मों में काम करने वाले सोमन को उनके किरदार के लिए काफी तारीफ मिलती थी। उनके अभिनय को सिर्फ दर्शक ही नहीं बल्कि फिल्म आलोचक भी काफी पसंद करते थे।
पी सी सोमन ने अडूर गोपालकृष्णन की फिल्म 'स्वयंवरम', 'विधेयन' और 'मथिलुकल' में काम किया था। उनके किरदार को इन फिल्मों में काफी सराहा गया था। 'कौरवर', 'ध्रूवम' और 'फायरमैन' जैसी फिल्मों में काम करने के अलावा सोमन ने लगभग 300 से अधिक थिएटर नाटक में भी काम किया था।
अपने मनोरंजन जगत के करियर में उन्होंने सिर्फ थिएटर और फिल्मों में ही नहीं बल्कि छोटे पर्दे पर भी कई सीरियल में काम किया था। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने अभिनेता के निधन पर शोक जताया और याद दिलाया कि फिल्म और टेलीविजन सीरियल में सक्रिय सोमन शौकिया नाटकों में अपनी भूमिकाओं के लिए भी उल्लेखनीय थे।