रणबीर पर आया था दिशा का दिल
दिशा पाटनी बॉलीवुड की सबसे हॉट अभिनेत्रियों में से एक हैं, जिन पर कई लड़के जान छिड़कते हैं। लेकिन एक साक्षात्कार में उन्होंने खुलासा किया है कि वह किस अभिनेता के लिए अपनी जान जोखिम में डाल चुकी हैं। उन्होंने खुलासा किया है कि वह रणबीर कपूर की जबरदस्त फैन रह चुकी हैं। इस चक्कर में उनका एक्सीडेंट होने से बच चुका है।
रणबीर की फैन थीं दिशा
दिशा ने इंटरव्यू में अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए बताया, 'जब मैं स्कूल में थी तब रणबीर की जबरदस्त फैन हुआ करती थी। रणबीर की वजह से मेरे कई ऐक्सीडेंट्स हुए क्योंकि मैं उनका पोस्टर देखते हुए रोड पर चलती रहती थी। मेरे शहर में रणबीर के कई बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगे हुए थे। मुझे लगता है कि वह उस समय कोई ब्रैंड एंडोर्स कर रहे थे। मैं स्कूटी चलाते वक्त उन्हें घूरती रहती थी। ऐसा करते वक्त कई चीजों में टकरा जाया करती थी।' जब दिशा से पूछा गया कि क्या रणबीर को इस बारे में बताया है तो वह बोलीं, अभी तक नहीं लेकिन बताऊंगी।
इस फिल्म में आएंगी नजर
अपने इस खुलासे के कारण सुर्खियों में आई दिशा इस समय अपनी आगामी फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' को लेकर चर्चाओं में हैं। यह फिल्म साल 2014 में आई फिल्म 'एक विलेन' का सीक्वल है, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में थीं। अब मोहित सूरी इस फिल्म में जॉन अब्राहम, दिशा पाटनी, अर्जुन कपूर और तारा सुतारिया मुख्य भूमिका में हैं। यह एक सस्पेंस थ्रिलर फिल्म है, जो 29 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।