'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के हिट 'डिस्को दीवाने' गाने के बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा एक बार फिर डिस्को सॉन्ग लेकर आ गए हैं। जैकलीन के साथ उनकी फिल्म 'अ जेंटलमैन' का पहला गाना 'डिस्को डिस्को' आखिरकार रिलीज हो गया है।
गाना काफी रंगीला है लेकिन डिस्को पसंद करने वाले लोगों को शायद थोड़ी निराशा हो। इस गाने के बोल हिंदी और पंजाबी में हैं। गाने में सिद्धार्थ की व्हाइट जैकेट पर लगे गोल्डन स्टार आपको जरूर 80 के दशक की याद दिला देंगे। गाने को आवाज दी है पेप्पी म्यूजिक के किंग बेन्नी दयाल और यूट्यूब सेंसेशन शर्ली सेठिया ने। सचिन-जिगर की हिट जोड़ी ने पिल्म में म्यूजिक दिया है वहीं वायु ने गाने के बोल लिखे हैं।
फिल्म ‘अ जेंटलमैन’ में सिद्धार्थ और जैकलीन के अलावा सुनील शेट्टी भी मुख्य भूमिका में हैं। सुनील इस फिल्म में कई सालों बाद निगेटिव किरदार निभाते नजर आएंगे। इस फिल्म के डायरेक्टर राज एंड डीके हैं। फिल्म सिनेमाघरों में 25 अगस्त को रिलीज होगी।