निर्देशक रीमा दास की फिल्म ‘विलेज रॉकस्टार्स’ लंबे समय के काफी चर्चा में हैं। इस फिल्म को हाल ही में 91वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) में विदेशी भाषा की सर्वश्रेष्ठ फिल्म की श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिये चुना गया है। इस बीच रीमा दास ने सरकार से फिल्म ‘विलेज रॉकस्टार्स’ के प्रमोशन के लिए विशेष फंड की मांग की है।
मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो रीमा दास ने ‘विलेज रॉकस्टार्स’ के इंटरनेशनल प्रमोशन के लिए सरकार से कम से कम 3 करोड़ रुपए की मांग की है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा है- अकादमी पुरस्कारों में विदेशी भाषा की सर्वश्रेष्ठ फिल्म की श्रेणी में ‘विलेज रॉकस्टार्स’का नामांकित होना मेरे लिए खुशी की बात है लेकिन सरकार से मैं उम्मीद करती हूं कि इस फिल्म के इंटरनेशनल प्रमोशन के लिए जायज फंड प्रदान करे।
रीमा दास आगे कहती हैं- मुझे खुशी है कि असम सरकार ने इस फिल्म के लिए 50 लाख रुपए का योगदान दिया है, लेकिन इतने से फिल्म का काम नहीं चलेगा। मुझे देश की सरकार के उम्मीद है कम से कम 3 करोड़ रुपए का फंड देने की कृपा करें। आपको बता दें कि रीमा दास की ‘विलेज रॉकस्टार्स’ को राष्ट्रीय पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।
यह असम की पृष्ठभूमि पर बनी गरीब लेकिन अद्भुत बच्चों की कहानी है जो एक मजेदार जीवन जीते हैं। बीती 22 सितंबर को फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) ने इसके ऑस्कर में जाने की घोषणा की थी। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) 2017 में हुआ था और 70 से अधिक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में यह फिल्म दिखाई जा चुकी है।