पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का फैंस में जबरदस्त क्रेज है। 30 अक्तूबर को नई दिल्ली में भी एक कॉन्सर्ट का आयोजन होना था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसे मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। इस खबर में जानिए क्या है पूरा मामला।
सुरक्षा कारणों से नहीं मिली अनुमति
दरअसल, कॉन्सर्ट के आयोजन के लिए बुकमायशो लाइव ने 14 अक्तूबर को अनुमति मांगी थी। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के चलते इस अनुरोध को मंजूरी नहीं दी। दिल्ली पुलिस के साउथ डिस्ट्रिक्ट ने 21 अक्तूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया।
पुलिस के आदेश के मुताबिक, कॉन्सर्ट को मंजूरी नहीं देने के पीछे कई कारण बताए गए हैं। इनमें संभावित सुरक्षा खतरे से जुड़ी जानकारियां, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारियां और कानून-व्यवस्था से जुड़ी अन्य चिंताएं शामिल हैं। पुलिस ने अपने पत्र में साफ किया कि कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।