मुंबई की एक अदालत ने किताब ‘दिद्दा: द वारियर क्वीन ऑफ कश्मीर' के लेखक द्वारा कॉपीराइट उल्लंघन के आरोपों पर अदाकारा कंगना रणौत के खिलाफ पुलिस से मामला दर्ज करने को कहा है।
किताब ‘दिद्दा: द वारियर क्वीन ऑफ कश्मीर' के लेखक आशीष कौल ने कंगना रणौत पर कॉपीराइट उल्लंघन का आरोप लगाया है। इस किताब का हिंदी में अनुदित संस्करण ‘दिद्दा कश्मीर की योद्धा रानी’ के नाम से आया है। कौल ने कहा कि उनके पास कश्मीर की रानी और लोहर (पुंछ) की रानी दिद्दा की कहानी का कॉपीराइट है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सोच से परे है कि एक नामी अदाकारा ने किताब और उसकी कहानी पर अपना अधिकार जमाया है।’’ एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खार पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में है।
आशीष कौल ने कंगना रणौत, रंगोली चंदेल, कमल जैन और मणिकर्णिका फिल्म्स के विरुद्ध कोर्ट के द्वारा सीआरपीसी की धारा 156(3) के अंतर्गत पुलिस को फ्रॉड, षड़यंत्र, अमानत में ख़यानत आदि की आईपीसी धारा 406, 415, 418, 34, 120B, 420 और कॉपीराइट एक्ट की धारा 51, 63, 63A और आईटी एक्ट की धारा 65 के उल्लंघन के अपराध में मुक़दमा दर्ज करने के लिए प्रार्थनापत्र दिया गया।