‘धुरंधर’ का लोकप्रिय गाना ‘शरारत’ गाकर सुर्खियां बटोरने वाली गायिका जैस्मीन सैंडलस इन दिनों अपने भारत टूर पर हैं। इसी क्रम में जैस्मीन ने हाल ही में राजधानी दिल्ली में भी अपना कॉन्सर्ट किया। लेकिन इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ कि जैस्मीन ने बीच में ही अपनी परफॉर्मेंस रोक दी। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद ऑडियंस से कहा कि जब तक कॉन्सर्ट में सभी महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी, वो दोबारा शो शुरू नहीं करेंगी। अब जैस्मीन के कॉन्सर्ट का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
महिलाओं से दुर्व्यवहार करने पर रोका कॉन्सर्ट
दरअसल, जैस्मीन ने बीते दिनों दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपना शो किया। शो के दौरान जब भीड़ में हंगामा मच गया, तो जैस्मीन ने महिलाओं की सुरक्षा पर कड़ा रुख अपनाया। भीड़ में दो पुरुषों को महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करते देख जैस्मीन ने उन्हें टोका और कार्यक्रम सुरक्षाकर्मियों को उन्हें तुरंत हटाने के लिए कहा। इसके बाद गायिका ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करना अप्रतिबंधित है और शो जारी रखने से भी अधिक महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों, कृपया इन दोनों पुरुषों को हटा दें क्योंकि ये इन महिलाओं को परेशान कर रहे हैं। अगर महिलाएं मेरे कॉन्सर्ट में सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं तो मैं परफॉर्मेंस नहीं दूंगी। जैस्मीन ने तब तक अपना कॉन्सर्ट बीच में ही रोक दिया। इसके बाद अब जैस्मीन के कई वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हैं और नेटिजेंस सिंगर के इस कदम की सराहना कर रहे हैं।
कॉन्सर्ट में अचानक पहुंचीं आयशा खान
इसी कॉन्सर्ट के दौरान ‘धुरंधर’ के ‘शरारत’ गाने में नजर आईं अभिनेत्री आयशा खान ने अचानक स्टेज पर पहुंचकर सबको हैरान कर दिया। इसके बाद जैस्मीन और आयशा ने 'शरारत' गाने पर डांस किया, जो कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों के लिए एक सरप्राइज बन गया। इस दौरान आयशा ने कहा कि मैं स्टेज पर आकर सारे स्टेप्स भूल गई। मुझे यहां आकर बहुत खुशी हो रही है। मैं हमेशा जैस्मिन से कहती हूं कि उनकी आवाज ऊपरवाले की आशीर्वाद है।
यह खबर भी पढ़ेंः ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को…’, दिशा-तलविंदर से लेकर फातिमा-विजय तक; कई सेलेब्स पर छाया इश्क का खुमार
जैस्मीन ने दिए कई हिट पार्टी सॉन्ग
जैस्मीन सैडलस ने बॉलीवुड में कई बेहतरीन गानों में अपनी आवाज दी है। इनमें ‘शरारत’ के अलावा ‘पॉइजन बेबी’, ‘इल्लीगल वैपन 2.0’, ‘नशा’ और ‘तरस’ जैसे गाने शामिल हैं।