लंबी बीमारी के बाद 24 नवंबर को धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर के बाद पूरा बॉलीवुड और साउथ सिनेमा उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दे रहा है। धर्मेंद्र के निधन पर साउथ अभिनेता राम चरण और पद्मिनी कोल्हापुरे के अलावा कई सितारों ने दुख जताया है।
राम चरण का पोस्ट
राम चरण ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन की खबर से बहुत दुखी हुआ। उन्होंने भारतीय सिनेमा को नई पहचान दी और लाखों दिलों को छुआ। उनके परिवार, दोस्तों और फैंस के प्रति मेरी संवेदना।'
जयदीप अहलावत का पोस्ट
अभिनेता जयदीप अहलावत ने धर्मेंद्र को याद किया। जयदीप ने आज मंगलवार को इंस्टाग्राम पर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के साथ एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की। यह तस्वीर शायद फिल्म 'इक्कीस' के सेट की है, जहां दोनों ने साथ काम किया था। कैप्शन में जयदीप ने भावुक होकर लिखा, 'कुछ नहीं है ऐसा जो कह पाऊंगा। बस इतना कि आपने जो प्यार दिया मुझे उन थोड़े से दिनों में। मैं वो उम्र भर याद रखूंगा सर। आप बहुत याद आएंगे। यह दुनिया इकलौती जट यमला पगला दीवाना को मिस करेगी।'
अमिताभ बच्चन का पोस्ट
अमिताभ बच्चन ने धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताया और कैप्शन में लिखा, 'एक और महान कलाकार हमसे दूर चला गया। धर्म जी ताकत और बड़े दिल वाले इंसान थे। वे हमेशा सादगी से जिए। पंजाब के अपने गांव की मिट्टी से गहरा लगाव रखते थे। उनकी मुस्कान और गर्मजोशी हर किसी को अपना बना लेती थी। अब हमारे बीच एक बहुत बड़ी कमी रह गई है, जो कभी पूरी नहीं होगी।'
अतुल अग्निहोत्री का पोस्ट
अतुल अग्निहोत्री ने इंस्टाग्राम पर एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर के साथ अतुल ने कैप्शन में लिखा, 'लीजेंड हमेशा जीवित रहते हैं।'
शाहिद कपूर का पोस्ट
शाहिद कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में धर्मेंद्र की एक पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट फोटो शेयर की और लिखा, 'एक सच्चा कलाकार। ऐसी शख्सियत जिसने सिनेमा को बहुत बड़ा और जिंदगी को बहुत हल्का बना दिया। उनकी आत्मा को शांति मिले।'
जैकी श्रॉफ का पोस्ट
जैकी श्रॉफ ने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए अपनी इंस्टाग्राम पर स्टोरी पर उनकी दो थ्रोबैक तस्वीरों का कोलाज शेयर किया। एक तस्वीर में जैकी दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र के हाथों को किस करते नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में जैकी, धर्मेंद्र, सनी और बॉबी देओल के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ जैकी ने टूटे लाल दिल का इमोजी बनाया है।
नीतीश भारद्वाज का पोस्ट
'महाभारत' में भगवान कृष्ण की भूमिका निभाने वाले नीतीश भारद्वाज ने इंस्टाग्राम पर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी है । उन्होंने 1966 की फिल्म 'बहारें फिर भी आएंगी' का एक गाना 'आपके हसीन रुख पे...' गाया। इस वीडियो के साथ नीतीश ने कैप्शन में लिखा, 'एक अमर सितारा, एक खूबसूरत इंसान और एक भावपूर्ण विरासत। धर्मेंद्र जी के निधन पर गहरी संवेदना। ॐ शांति।
मल्लिका शेरावत का पोस्ट
मल्लिका शेरावत ने भी बाकी सेलेब्स की तरह धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी। मल्लिका ने इंस्टाग्राम पर फिल्म 'किस किस की किस्मत' की कई तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों के साथ मल्लिका ने कैप्शन में लिखा, 'धर्मेंद्र सर के निधन की खबर सुनकर दिल टूट गया। उनके साथ फिल्म करना मेरे लिए एक आशीर्वाद था, जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगी। उनकी दयालुता, बुद्धिमत्ता और गर्मजोशी ने मुझ पर आजीवन प्रभाव डाला है।'
सुभाष घाई का पोस्ट
सुभाष घाई ने इंस्टाग्राम पर धर्मेंद्र के हाथ की एक खास तस्वीर शेयर की। इसके साथ सुभाष ने कैप्शन में लिखा, 'धरम पाजी। व्हिसलिंगवुड्स इंटरनेशनल की हमारी फेम वॉल पर आपके हाथ का निशान हमें हमेशा आपकी शानदार बॉडी और स्नेही स्वभाव की याद दिलाएगा। साथ ही, हम सभी, छात्रों, वर्तमान और सिनेमा की अगली पीढ़ी के कलाकारों और तकनीशियनों के प्रति आपके आशीर्वाद की भी याद दिलाएगा।'
नेहा कक्कड़ का पोस्ट
सिंगर नेहा कक्कड़ ने धर्मेंद्र के साथ इंस्टाग्राम पर अपनी कई तस्वीरें शेयर कीं। इसके साथ ही नेहा ने कैैप्शन में लिखा, आपकी उपस्थिति मुझे हमेशा याद रहेगी... आपकी गर्मजोशी और सुंदर आभा हमारे दिलों में रहेगी।
पद्मिनी कोल्हापुरे का पोस्ट
पद्मिनी कोल्हापुरे ने इंस्टाग्राम पर धर्मेंद्र के साथ अपनी पुरानी तस्वीर शेयर की है। उसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'धरम जी, आपके साथ बिताए हर पल, आपसे सीखे सबक और आपकी हर दिन दिखाई इंसानियत को मैं हमेशा दिल में संजोकर रखूंगी। ‘ड्रीम गर्ल’ से लेकर ‘दादागिरी’ तक का सफर... आपकी आत्मा को शांति मिले। आपकी रोशनी हमारे दिलों में हमेशा जलती रहेगी। आज हमने एक युग का बड़ा स्तंभ खो दिया। आप सिर्फ फिल्मों के हीरो नहीं, हमारे इतिहास के असली नायक थे। आपका जाना एक पूरे युग का अंत है, लेकिन आपकी यादें हमारे जीवन में हमेशा जिंदा रहेंगी।'
यह भी पढ़ें: 300 से अधिक फिल्में, लेकिन सीरीज सिर्फ एक, धर्मेंद्र ने निभाया था सूफी-संत का किरदार