पहली मुलाकात और 'हे बेबी' का डायलॉग
आईएएनएस से बातचीत के दौरान, अंजलि ने बताया कि जब वह पहली बार 'धमाल 4' के सेट पर रितेश देशमुख से मिलीं, तो उन्होंने अभिनेता को चौंका दिया। अंजलि को रितेश की फिल्मों के कई डायलॉग्स जुबानी याद थे। इसलिए माहौल को और मजेदार बनाने के लिए अंजलि ने रितेश की 2007 में आई सुपरहिट फिल्म 'हे बेबी' का एक मशहूर डायलॉग बोलकर सुनाया।
यह डायलॉग फिल्म के एक हनीमून और डांस सीन से जुड़ा था। रितेश यह देखकर हैरान और खुश हो गए कि अंजलि को उनकी फिल्मों की इतनी बारीक बातें याद हैं। इस बातचीत से सेट का माहौल एकदम खुशनुमा हो गया।
क्यों खास है 'धमाल 4'?
अंजलि के मुताबिक, 'धमाल 4' अपनी पुरानी फिल्मों की तरह ही मजेदार और पागलपन से भरपूर है, लेकिन इस बार इसमें रोमांच का तड़का बहुत बड़ा है। अंजलि ने कहा, 'यह सिर्फ हॉरर या एक्शन कॉमेडी नहीं है, बल्कि 'धमाल' हमारे सिनेमा की इकलौती बेहतरीन एडवेंचर कॉमेडी फिल्म है।'
अंजलि ने यह भी साफ किया कि यह पूरी तरह से एक पारिवारिक फिल्म है। इसमें किसी भी तरह की अश्लील या डबल मीनिंग कॉमेडी नहीं है, इसलिए इसे बच्चे और बड़े सभी साथ बैठकर देख सकते हैं।
कब रिलीज होगी 'धमाल 4'
'धमाल 4' का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है। इस फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, अंजलि आनंद, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और विजय पाटकर जैसे कई कलाकार हैं। यह फिल्म 10 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
यह भी पढ़ें: फराह खान अली ने बताया अपनी मां की अंतिम इच्छा का सच, बोलीं- 'मरने के बाद उनकी अस्थियों को कश्मीर...'