फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर रही है। इस बीच इस फिल्म के एक गाने पर विवाद हो रहा है। इस मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को एक हफ्ते के अंदर फैसला लेने का निर्देश दिया है। अदालत ने (सीबीएफसी) को निर्देश दिया है कि वह मेकर्स के उस प्रस्ताव पर एक फैसला लें, जिसमें फिल्म के 'शूरवीर' गाने की जगह बैकग्राउंड म्यूजिक लगाने की बात कही गई है।
क्या है याचिकाकर्ता की मांग?
दिल्ली हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका पर सुनवाई हो रही थी। याचिकाकर्ता ने फिल्म से गाना हटाने या उसकी जगह कोई दूसरा बैकग्राउंड स्कोर लगाने की मांग की थी। याचिका में कहा गया कि रैपेरिया बालम की तरफ से कंपोज किया गया 'शूरवीर' गाना 2020 में महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि के तौर पर रिलीज किया गया था। इसमें कहा गया है कि गाना मेवाड़, चेतक, सम्मान, बलिदान, मातृभूमि की रक्षा और महाराणा प्रताप की विरासत का जिक्र करता है।
मिर्जापुर द मूवी
- फोटो : यूट्यूब
किस बात पर है आपत्ति?
याचिका में आगे कहा गया 'मिर्जापुर: द मूवी' में गैंगस्टर और क्रिमिनल किरदारों वाले सीन में इस गाने का इस्तेमाल किया गया है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म में संगठित अपराध, गैंग की दुश्मनी, हिंसा, अवैध हथियार, ड्रग्स, जबरन वसूली, हत्या और अन्य आपराधिक गतिविधियों को दिखाया गया है। उन्होंने चिंता जताई है कि ऐसे माहौल में गाने के इस्तेमाल से महाराणा प्रताप से जुड़े आदर्शों और फिल्म में दिखाए गए किरदारों के बीच एक गलत संबंध बन सकता है।
खास सीन को लेकर है आपत्ति
याचिकाकर्ता ने साफ किया है कि वह सिनेमा में अपराध, हिंसा या गैंगस्टर किरदारों को दिखाए जाने को चुनौती नहीं दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि पीआईएल का संबंध गाने से जुड़े कॉपीराइट, लाइसेंसिंग या सहमति के मुद्दों से नहीं है। उनकी चुनौती सिर्फ उस खास सीन में गाने के इस्तेमाल और फिल्म सर्टिफिकेशन से जुड़े कानूनों के पालन को लेकर है।
मिर्जापुर द मूवी की नई स्टारकास्ट
- फोटो : X
याचिकाकर्ता ने की ये मांग
याचिकाकर्ता ने गाने को हटाने या बदलने की मांग के अलावा, सीबीएफसी से विवादित सीन के संबंध में फिल्म के सर्टिफिकेशन की समीक्षा करने को भी कहा है। उन्होंने ऐतिहासिक या सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण हस्तियों से जुड़े गानों, संगीत, विज़ुअल्स और अन्य कलात्मक सामग्री के इस्तेमाल के लिए गाइडलाइंस बनाने के निर्देश भी मांगे हैं, ताकि ऐसे इस्तेमाल और कलात्मक आजादी के बीच संतुलन बनाया जा सके। याचिका में केस की सुनवाई के दौरान गाने की आवाज बंद करने (म्यूट करने) के लिए अंतरिम राहत की भी मांग की गई है।
'मिर्जापुर: द मूवी' का कलेक्शन
- आपको बता दें कि फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
- गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु अहम किरदारों में हैं।
- यह फिल्म 'मिर्जापुर' सीरीज की कहानी पर आधारित है।
- खबर लिखे जाने तक इस फिल्म ने 14 दिनों में 200.94 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।