इक्कीस की स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल हुए राजनाथ सिंह
- फोटो : एक्स@rajnathsingh
अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की आगामी फिल्म ‘इक्कीस’ रिलीज से पहले चर्चाओं में बनी हुई है। हाल ही में राजधानी दिल्ली में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए और उन्होंने फिल्म के कलाकार अगस्त्य नंदा और जयदीप अहलावत से बात भी की। इस दौरान रक्षा मंत्री ने भारत के दूसरे लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के परिवार को सम्मानित किया और अरुण खेत्रपाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजनाथ सिंह ने फिल्म की सफलता के लिए दीं शुभकामनाएं
इस बारे में जानकारी देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने एक्स पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों को साझा करते हुए राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘नई दिल्ली में फिल्म 'इक्कीस' की स्पेशल स्क्रीनिंग के अवसर पर मैंने द्वितीय लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल (पीवीसी) के परिवार और उनके टैंक क्रू के परिजनों को सम्मानित किया। अरुण खेत्रपाल ने 1971 के युद्ध में वीरतापूर्वक लड़ाई लड़ी और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। फिल्म 'इक्कीस' उनकी बहादुरी को दर्शाती है और हमारे सशस्त्र बलों के साहस का सम्मान करती है। इस दौरान फिल्म 'इक्कीस' के कलाकारों के साथ भी मेरी बातचीत हुई। मैं उनके भविष्य के प्रयासों में सफलता की कामना करता हूं।’
यह खबर भी पढ़ेंः ‘युवा अमिताभ बच्चन की याद दिलाते हैं अगस्त्य नंदा’, निर्देशक श्रीराम राघवन ने साझा कीं ‘इक्कीस’ से जुड़ी बातें
1 जनवरी 2026 को रिलीज होगी फिल्म
श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित ‘इक्कीस’ भारत के दूसरे लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। फिल्म उनके शौर्य और बलिदान की कहानी दिखाती है। पहले यह फिल्म 25 दिसबंर को सिनेमाघरों में रिलीज होनी थी। लेकिन अब यह फिल्म नए साल के मौके पर 1 जनवरी को रिलीज हो रही है। फिल्म में अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ जयदीप अहलावत, सुहासिनी मुले, सिकंदर खेर और राहुल देव भी नजर आएंगे। इस फिल्म में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र भी अहम भूमिका में दिखेंगे। निधन के बाद पहली बार धर्मेंद्र इस फिल्म में बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे। उन्होंने अरुण खेत्रपाल के पिता की भूमिका निभाई है।