लगभग अट्ठाइस साल के बाद दीप्ति नवल और फारूक शेख की जोड़ी बनने जा रही है। इन दोनों अदाकारों को लेकर निर्माता निर्देशक अविनाश सिंह एक फिल्म बना रहे हैं 'लिसन अमाया'।
फारूक और दीप्ति इससे पहले 'चश्मेबद्दूर', 'साथ साथ', 'कथा और फासले' जैसी कई फिल्मों में बतौर हीरो-हीरोइन काम कर चुके हैं।
निर्माता निर्देशक अविनाश का कहना है कि जब उन्होंने फिल्म की कहानी लिखी, तब उनके दिमाग में इन दोनों की ही जोड़ी थी।
खुशी की बात यह है कि दोनों ने ही इस फिल्म में काम करना मंजूर कर लिया। बता दें कि दीप्ति और फारूक दोनों ही अब काफी कम फिल्मों में काम करते हैं।
दीप्ति तो निर्देशक भी बन चुकी हैं। जल्द ही उनके निर्देशन में बनी फिल्म 'चार आने की धूप और आठ आने की बारिश' भी रिलीज होगी।