हिंदी सिनेमा की नंबर वन अभिनेत्री दीपिका पादुकोण एक और नंबर वन काम करने जा रही हैं। 10 अक्तूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के दिन से दीपिका मानसिक स्वास्थ्य की दिक्कतों से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए अपनी वार्डरोब की कुछ बेहतरीन पोशाकें नीलाम करने जा रही हैं।
इस नीलामी से मिली धनराशि का इस्तेमाल दीपिका अपने जियो, प्यार करो और मुस्कुराओ (लिव, लव, लाफ) अभियान के लिए करने वाली हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने प्रशंसकों से भी इस्तेमाल हो चुके कपड़ों को दान देने की अपील की है।
दीपिका पादुकोण ने 2015 में लिव लव लाफ फाउंडेशन की स्थापना की और उनकी इस मुहिम से जुड़ने के बाद तमाम दूसरे लोग भी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित लोगों के लिए संसाधन जुटाने के लिए नए तरीके तलाश रहे हैं। इस वर्ष विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर दीपिका इसी सिलसिले में अपने सबसे पसंदीदा कपड़ो को चैरिटी के लिए साझा करेंगी। उनके इन कपड़ों की खरीद फरोख्त दीपिका पादुकोण की वेबसाइट के क्लोसेट सेक्शन में जाकर की जा सकती है।
अपनी इस पहल पर दीपिका कहती है,"मानसिक बीमारी को कलंकित करना ठीक नहीं है। मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करना एक ऐसी चीज है जिसके बारे में मैंने हमेशा बहुत ही दृढ़ता से महसूस किया है। इस विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर मैं अपनी अलमारी से अपने कुछ सबसे पसंदीदा कपड़ों व सामग्री को अपने फैंस के साथ साझा करने जा रही हूं।"