अभिषेक बच्चन की फिल्म 'दसवीं' ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म का निर्देशन तुषार जलोटा ने किया है, जिसमें अभिषेक के साथ यामी गौतम और निम्रत कौर भी नजर आई हैं। 'दसवीं' में अभिषेक बच्चन के काम को खूब पसंद किया गया है। अभिताभ बच्चन भी लगातार अपने बेटे के काम की तारीफ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, अब एक बार फिर अमिताभ बच्चन ने बेटे अभिषेक की तारीफ में एक पोस्ट शेयर किया है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
फिल्म 'दसवीं' में मुख्यमंत्री गंगाराम चौधरी (अभिषेक बच्चन) की कहानी दिखाई गई है, जो भ्रष्टाचार के बाद जेल चला जाता है। वहां उसके तौर-तरीके से सभी उसपर हंसते हैं और उसे गंवार भी कहने लगते हैं। ये बात गंगाराम को बहुत बुरी लगती है और वह दसवीं की परीक्षा देने की ठान लेता है और अपने अधूरे सपने को पूरा करने में जुट जाता है। अब गंगाराम किन चुनौतियों के बीच अपनी 'दसवीं' की परीक्षा देगा, ये फिल्म में देखने को मिलेगा। फिल्म में निम्रत कौर अभिषेक बच्चन की पत्नी की भूमिका में हैं और यामी गौतम पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आईं।