क्रिकेटर कपिल देव की बायोपिक बनने की खबरों के बीच ताजा खबर ये है कि दादा के फैंस को बड़े पर्दे पर जल्द सौरव गांगुली के जीवन और उनकी कहानी को देखने का मौका मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एकता कपूर बालाजी के बैनर तले भारतीय टीम के पूर्व कप्तान की बायोपिक पर काम करने जा रही हैं।
पिछले दिनों सौरव गांगुली और एकता कपूर की इस प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत भी हुई है। यह फिल्म 'अ सेंचुरी इज नॉट इनफ' किताब पर आधारित होगी। सौरव इस किताब के सह-लेखक भी हैं। फिल्म के आने पर भारतीय क्रिकेट टीम के सफल कप्तानों में गिने जाने वाले सौरव गांगुली की जिंदगी को लोग करीब से देख सकेंगे।
गांगुली ने अपने करिअर में भारतीय क्रिकेट टीम को कई ऐसे यादगार क्षण दिए हैं। जिनपर जश्न मनाया जा सकता है। गांगुली से पहले पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर पर 'सचिन- ए बिलियन ड्रीम्स' और महेंद्र सिंह धोनी पर ' एमएस धोनीर- द अनटोल्ड स्टोरी' जैसी फिल्में बन चुकी हैं। इमरान हाशमी की 'अजहर' भी अजहरुद्दीन की जिंदगी पर आधारित थी। इसके अलावा मिल्खा सिंह और मैरी कॉम पर भी फिल्में बन चुकी हैं। हॉकी प्लेयर संदीप सिंह पर बनी 'सूरमा' जल्द रिलीज होने वाली है।