National Awards 2026: हाल ही में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का एलान किया गया है। इसमें फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' को पुरस्कार दिया गया है। इस पर सीपीआई (एम) के जनरल सेक्रेटरी एमए बेबी ने चिंता जताई है।
शनिवार को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का एलान हुआ। इसमें रणदीप हुड्डा की फिल्म 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया। इस पर सीपीआई (एम) के जनरल सेक्रेटरी एमए बेबी ने जूरी की आलोचना की है। बेबी ने दावा किया कि देश का मौजूदा राजनीतिक माहौल ऐसा है कि 'नाथूराम गोडसे पर बनी फिल्म को भी अवॉर्ड मिल सकता है।'
विज्ञापन
एमए बेबी ने जताई चिंता
एमए बेबी ने पत्रकारों से कहा 'सावरकर के बारे में मुझे और कुछ कहने की जरूरत नहीं है। भारत में अभी जो हालात बन रहे हैं, उनमें गोडसे पर बनी फिल्म को भी अवॉर्ड मिल सकता है। यह बहुत दुखद है।'
Trending Videos
आर्टिकल 370
- फोटो : इंस्टाग्राम
'आर्टिकल 370' पर क्या बोले एमए बेबी?
'आर्टिकल 370' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया है। इसके बारे में पूछे जाने पर बेबी ने कहा कि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है और इसलिए वे इसकी कहानी या कंटेंट पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा 'मैं ऐसी चीज पर टिप्पणी नहीं कर सकता, जिसके बारे में मुझे जानकारी नहीं है। हालांकि, अगर फिल्म में आर्टिकल 370 को हटाने को भारतीय संविधान की मूल भावना और गरिमा के खिलाफ एक कदम के तौर पर दिखाया गया है, तो मैं उस नजरिए से सहमत हूं।'
फैसलों पर नहीं पड़ता राजनीति का असर
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए, नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स जूरी के चेयरमैन और मलयालम फिल्ममेकर जयराज ने उन सुझावों को खारिज कर दिया कि जूरी के फैसलों पर राजनीतिक कारणों का असर पड़ा था।
उन्होंने कहा 'जब हम कोई फिल्म देखते हैं, तो वह सिर्फ एक फिल्म होती है। हमारे सामने राजनीति नहीं होती। एक फिल्ममेकर होने के नाते, और जूरी के दस सदस्यों के साथ मिलकर, हमने सिर्फ फिल्में देखीं।'
जयराज ने की फिल्म और निर्देशक की तारीफ
'आर्टिकल 370' के बारे में बात करते हुए जयराज ने कहा कि फिल्म बहुत खूबसूरती से बनाई गई है। वहीं 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने एक डेब्यू डायरेक्टर के तौर पर हुड्डा के काम की तारीफ की।