कोरोना वायरस का प्रकोप पूरे विश्व में देखने को मिल रहा है। आम लोगों के साथ ही साथ फिल्मी सितारों पर भी इसका बड़ा असर पड़ा है। एक तरफ जहां कई सितारे भारत में अपने घर में कैद हैं तो वहीं कई सितारे ऐसे भी हैं जो विदेश में हैं और भारत नहीं आ पा रहे हैं। इस लिस्ट में अब नया नाम मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन (Prithviraj Sukumaran) का भी शामिल हो गया है।
दरअसल मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन पिछले कुछ दिनों से जॉर्डन में अपनी आगामी फिल्म का शूट कर रहे थे, लेकिन भारत में कोरोना वायरस से लगे लॉकडाउन के चलते पृथ्वीराज समेत इस फिल्म के 58 क्रू मैंबर जॉर्डन में फंस गए हैं। फिल्म क्रिटिक रमेश बाला ने सोशल मीडिया ये जानकारी ट्वीट के जरिए दी है। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक नॉन रेसिडेंट केरलाइट्स अफेयर्स (NORKA) विभाग ने जॉर्डन में भारतीय एम्बेसी को कॉन्टेक्ट कर इन सभी के बारे में जांच की। केरल के मुख्यमंत्री ने NORKA के मुख्य सचिव से सभी लोगों की जानकारी लेने की बात कही है।
वैसे इसके साथ ही बात कोरोना वायरस की करें तो अभी तक भारत में 1637 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं कोरोना वायरस से 38 लोगों की मौत हो चुकी है। गौरतलब है कि पूरे विश्व में कोरोना संक्रमित 823,200 मामले सामने आ चुके हैं।