देश में उपजी आपातकाल जैसी परिस्थिति से निपटने के लिए फिल्मकार खुलकर सामने आ रहे हैं। हाल में टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार ने इस विपदा से निपटने के लिए भारत सरकार और महाराष्ट्र सरकार को 12 करोड़ रुपये की मदद मुहैया कराई है। अब, कबीर सिंह, नोटबुक और द शौकीन्स जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुके मुराद खेतान ने 50 लाख रुपये का दान दिया है। मुराद ने 25-25 लाख रुपये की भागीदारी प्रधानमंत्री और महाराष्ट्र राहत कोष में की है।
मुराद खेतान ने अपनी इस सहायता की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है। पहला ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, 'कोविड 19 से लड़ाई में मैं महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 लाख रुपये की सहायता करने की प्रतिज्ञा करता हूं।' वहीं दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'मैं प्रधानमंत्री देखभाल कोष में 25 लाख रुपये की सहायता देने का वचन देता हूं। हमारे देश की भलाई के लिए हम सभी की प्रार्थना और विचार हमेशा साथ हैं।'