देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। खासकर महाराष्ट्र में हर दिन कोरोना मामलों की संख्या में काफी उछाल आया है। इसी के चलते कई बॉलीवुड सितारे भी हाल में कोविड 19 से संक्रमित पाए गए हैं। इसी कड़ी में अब फिल्म निर्माता रमेश तौरानी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से इस बात की जानकारी दी और बताया कि उनका इलाज चल रहा है।
हैरान कर देने वाली बात यह है कि रमेश कोरोना वैक्सीन की एक खुराक लेने के बाद संक्रमित पाए गए हैं। रमेश तौरानी ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, मैं जांच में कोविड पॉजिटिव पाया गया हूं और इस बात की जानकारी मैंने बीएमसी को दे दी है। सभी एहतियाती कदम उठा रहा हूं और ठीक होने के लिए दवाई ले रहा हूं। अगर आप पिछले दो सप्ताह में मेरे सम्पर्क में आए हैं, तो जांच करा लें। मैं कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक ले चुका हूं और मुझे उम्मीद है कि जल्द ठीक हो जाउंगा।’
हाल ही में बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्टनिश्ट कहे जाने वाले आमिर खान भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। आमिर के प्रवक्ता ने बताया- 'मिस्टर आमिर खान कोविड 19 पॉजिटिव पाए गए हैं। वो घर पर सेल्फ क्वारंटीन में हैं और सभी प्रोटोकॉल्स को फॉलो कर रहे हैं। वह पूरी तरह ठीक हैं।'
इससे पहले कार्तिक आर्यन भी कोरोना से संक्रमित हुए हैं। इस बात की जानकारी अभिनेता ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थी। कार्तिक ने एक बड़े प्लस के साइन की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'पॉजिटिव हो गया, दुआ करो।' लगातार कोरोना के मामलो के बीच हाल ही में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और फिल्म मेकर सतीश कौशिक भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए जिसके बाद उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया। इसके पहले रणबीर कपूर, वरुण धवन, अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन जैसे कलाकार कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।