डायरेक्टर मधुर भंडारकर की आने वाली फिल्म 'इंदु सरकार' की रिलीज से पहले ही फिल्म पर बवाल शुरु हो गया है। इमरजेंसी पर आधारित इस फिल्म को रोकने से लेकर बैन करने तक की डिमांड की जा रही है। अब एक कांग्रेसी नेता ने फिल्म का विरोध करते हुए कहा है कि उनके चेहरे पर कालिख पोतने वाले को 1 लाख का ईनाम दिया जाएगा।
हसीब अहमद नाम के ये कांग्रेसी नेता इलाहाबाद के रहने वाले हैं। इस पोस्टर में लिखा है, 'नेहरू-गांधी परिवार को साजिशन बदनाम करने वाली फिल्म इंदु सरकार के निर्माता एवं निर्देशन मधुर भंडारकर के मुंह पर कालिख लगाने वाले योद्धा को 1 लाख रुपये का नगद पुरस्कार।' इस पोस्टर में मधुर भंडारकर की तस्वीर पर काले रंग से क्रॉस का निशान भी बना हुआ है।
इन्दू सरकार के निर्देशक @imbhandarkar के मुहं पर कालिख पोत कर आओ , 1लाख रु नगद पाओ@abpnewshindi @pankajjha_ @aajtak @ndtv @NavbharatTimes pic.twitter.com/AvLu9KLjZf
— Haseeb Ahmad (@haseebcongress) July 5, 2017
इससे पहले एक और कांग्रेस नेता इस सिलसिले में सेंसर बोर्ड को खत लिख चुके हैं। संजय निरुपम ने मांग की है कि फिल्म को सेंसर करने से पहले इसे कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों को दिखाई जाए। उन्होंने कहा, 'हम आश्वास्त होना चाहते हैं कि हमारी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और संजय गांधी समेत दूसरे कांग्रेसी नेताओं की इसमें छवि खराब करने की कोशिश नहीं की गई है। इसलिए हम रिलीज से पहले इसे एक बार देखना चाहते हैं।' हालांकि मधुर भंडारकर ने साफ कर दिया है कि वो रिलीज से पहले किसी को फिल्म नहीं दिखाएंगे।