कंगना रणौत लगातार अपनी बयानबाजी को लेकर चर्चा में हैं। इस वजह से वह विवादों में भी घिर जाती हैं। अब बिहार के गया जिले का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पर टिप्पणी करने को लेकर कंगना के खिलाफ गया के सिविल कोर्ट में शिकायत की गई है।
आरएलएसपी नेता विनय कुशवाहा ने कहा कि ‘मैंने सिविल कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है। कंगना रणौत ने अपने ट्विटर अकाउंट पर तीन दिसंबर को आरएलएसपी मुखिया उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।‘
वकील शंभू प्रसाद ने कहा कि ‘किसी भी नेता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना अपराध है, इसलिए हमने कोर्ट से हमारी शिकायत का संज्ञान लेने को कहा है।‘
ट्विटर पर कंगना ने क्या लिखा था
कंगना ने उपेंद्र कुशवाहा की चुनावी सभा का मजाक उड़ाने वाले ट्वीट को रीट्वीट किया था। एक यूजर ने उपेंद्र कुशवाहा की तस्वीर साझा की थी। तस्वीर में उनके साथ अन्य कई नेता भी दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर में सभी नेताओं को लुटियंस, लिबरल, जिहादी, आजाद कश्मीर, अर्बन नक्सल, कम्युनिस्ट और खालिस्तानी बताया गया है।
दिलजीत दोसांझ से ट्विटर पर भिड़ीं
बीते दिनों कंगना रणौत और दिलजीत दोसांझ की ट्विटर पर भिड़ंत हो गई थी। दरअसल कंगना ने अपने एक ट्वीट में दावा किया था कि शाहीन बाग वाली बिलकिस बानो किसानों के प्रदर्शन में शामिल हुई थीं। इसके अलावा उन्होंने लिखा था कि वह 100 रुपये के लिए कहीं भी आ जा सकती हैं। कंगना के इस ट्वीट पर काफी बवाल मचा और फिर दिलजीत ने इसे लेकर उन्हें खरी-खोटी सुना दी।