न चाहते हुए भी कई बार ऐसे क्षण सामने आ जाते हैं कि बॉलीवुड के सितारों की बड़ी मुश्किल हो जाती है। ऐश्वर्य राय और सलमान खान का कई वर्षों से आमना-सामना नहीं हुआ है। अलगाव के बाद दोनों ही इस मामले में हमेशा चौकन्ने रहे हैं कि किसी राह पर मुलाकात न हो जाए। परंतु कई बार ऐसी परिस्थितियां पैदा हो जाती हैं कि दोनों स्टार एक ही जगह पर एक ही समय उपस्थित दिख जाते हैं।
दो दिन पहले ऐसी ही घटना अनायास घट गई। ऐश्वर्य राय अपने एक विज्ञापन की शूटिंग के सिलसिले में महबूब स्टूडियो में मौजूद थीं कि सलमान खान की एंट्री हो गई। सलमान इस स्टूडियो में अपनी आगामी फिल्म दबंग 2 के प्रमोशन के लिए पधारे थे। महबूब स्टूडियो में ऐश्वर्य साढ़े बारह बजे पहुंच गई थीं और सात बजे तक शूटिंग करती रहीं।
दूसरी तरफ, सलमान खान ने चार बजे एंट्री ली और वे देर रात तक मीडिया से मुखातिब रहे। शायद ऐश को इस बात का पता चल गया था कि स्टूडियो में सलमान खान भी मौजूद हैं, इसलिए उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मियों को आदेश दे दिया था कि वे किसी भी फोटोग्राफर को उनके नजदीक न फटकने दें।
ऐसा ही हुआ भी। जब ऐश्वर्य जाने लगीं, तो तमाम मीडियाकर्मियों को भनक लग गई। लेकिन सुरक्षा व्यवस्था इतनी जबर्दस्त थी कि मीडिया के लोग ऐश की एक फोटो भी नहीं खींच पाए। एक क्षण ऐसा भी आया जब यह दोनों प्रेमी आमने-सामने भी पड़े लेकिन इन दोनों ने आपस में कोई बात नहीं की और नजर चुराकर निकल गए।