विश्व कप क्रिकेट के नाम पर जहां क्रिकेट के दीवानों के दिल धड़क रहे हैं, वहीं बॉलीवुड की धड़कनें भी तेज हो गई हैं। भारतीय टीम के साथ-साथ 14 फरवरी से 29 मार्च तक दो दर्जन से ज्यादा फिल्मों की किस्मत भी दांव पर लगी है।
कई निर्माता क्रिकेट के धूम से बचने के लिए पहले ही सुरक्षित रास्ता अपना चुके और अपनी फिल्म की रिलीज उन्होंने आगे बढ़ा दी है। जिनमें ब्योमकेश बख्शी जैसी बड़ी फिल्म भी शामिल है। लेकिन कई निर्माता मान रहे हैं कि चूंकि ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में ज्यादातर मैच सुबह जल्दी शुरू होंगे, अत: कम से कम शुरुआती राउंड में फिल्मों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
विश्व कप के दौरान जो फिल्में टिकट खिड़की पर आएंगी उनमें रॉय, एमएसजी, बदलापुर, किस्सा, दम लगा के हइशा, हे ब्रो, लखनवी इश्क, अब तक छप्पन-2, बैंक चोर, डर्टी पॉलिटिक्स, एनएच10, टाइगर्स तथा मैं और चार्ल्स शामिल हैं। ये सभी फिल्में विश्व कप के शुरुआती राउंड तक रिलीज होनी है।
रॉय, बदलापुर, डर्टी पॉलिटिक्स के सामने चुनौती
बॉलीवुड को वर्ल्ड का पहला ही शुक्रवार जोरदार टक्कर देने जा रहा है, जब शनिवार 14 फरवरी को भारत और पाकिस्तान का मुकाबला खेला जाएगा। जबकि 13 फरवरी को रॉय और एमएसजी रिलीज होंगी। ऐसे में सबसे पहले इन्हें ही क्रिकेट की दीवानगी का सामना करना पड़ेगा।
असल में इस मैच का फैसला विश्व कप को लेकर दर्शकों का मूड तय कर सकता है। 18 मार्च से विश्व कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू हो जाएंगे और क्रिकेट का जुनून शबाब पर होगा। उम्मीद की जा रही है कि खराब खेलने के बावजूद भारत इस राउंड तक तो मैदान में बना ही रहेगा।
इस दौरान लीजंड ऑफ माइकल मिश्रा और हंटर रिलीज होगी। रविवार 29 मार्च को फाइनल होना है और इससे पहले के शुक्रवार 27 मार्च को बॉलीवुड कोई जोखिम नहीं लेगा यानी इस दिन कोई फिल्म रिलीज नहीं होगी। विश्व कप खत्म होने के बाद पहली रिलीज निर्देशक दिबाकर बनर्जी की ब्योमकेश बख्शी होगी।
धोनी की फिल्म की लॉन्चिंग आगे बढ़ी
टीम इंडिया के खराब फॉर्म को देखते हुए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनने जा रही फिल्म ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ की लांचिंग को आगे बढ़ाए जाने की खबर है। पहले इस फिल्म को विश्व कप में भारत-पाक मैच के दौरान ऑस्ट्रेलिया में लॉन्च करने की योजना बनाई जा रही थी। परंतु अब ऐसा नहीं होगा।
सूत्रों के अनुसार टीम इंडिया का फॉर्म देखते हुए निर्माता जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं। फिल्म की शूटिंग साल के अंत तक शुरू होगी। निर्देशक नीरज पांडे की इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत धोनी का रोल निभाने जा रहे हैं।
अमिताभ करेंगे कमेंट्री
फिल्म शमिताभ इन दिनों सिनेमाघरों में लगी है और महानायक फिल्म को प्रमोट करने के लिए भारत-पाक क्रिकेट मैच के दौरान टीवी पर कमेंट्री करेंगे। हालांकि फिल्म को उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं मिलें हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि अमिताभ की कमेंट्री लोगों की दिलचस्पी शमिताभ में जगा सकती है। असल में शमिताभ की कहानी अमिताभ की आवाज के इर्द-गिर्द घूमती है। जिसमें वे फिल्म के गूंगे नायक की आवाज बने हैं।