कांग्रेस नेता राजीव गांधी के लिए 1989 के चुनाव में उनकी कैंपेन फिल्में बनाने वाले सिनेमैटोग्राफर नदीम खान की हालत फिर बिगड़ गई है। उन्हें फिर से मुंबई में खार स्थित हिंदुजा अस्पताल भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक नदीम की हालत बेहद गंभीर है।
नदीम खान को तिरछी टोपीवाले, डिस्को डांसर, आवारगी, जुर्म जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में सिनेमैटोग्राफी के लिए जाना जाता है। उन्होंने महेश भट्ट, पहलाज निहलानी, राकेश रोशन जैसे हिंदी सिनेमा के दिग्गज निर्देशकों के साथ काम किया है। मई में सीढ़ियों से फिसल जाने से वह बेहद गंभीर रुप से घायल हो गए थे।
नदीम खान के परिजनों के मुताबिक उनके इलाज में हुई शुरूआती देरी के चलते उनकी हालत शुरू में ही काफी बिगड़ गई थी। लीलावती जैसे बड़े अस्पताल में लगातार भर्ती रहने की वजह से उनके परिवार को काफी आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ा। नदीम खान मशहूर संवाद लेखक राही मासूम रजा की पत्नी के पहली शादी से हुए बेटे हैं। नदीम की पत्नी मशहूर गायिका पार्वती खान हैं।