रामगोपाल वर्मा की अपकमिंग फिल्म 'सरकार 3' को लेकर सेंसर बोर्ड ने एक अजीब फरमान जारी किया है। बोर्ड ने मेकर्स से कहा है कि वो फिल्म के ट्रेलर में स्पेशल डिस्क्लेमर दिखाएं। जबकि आज तक किसी भी फिल्म के ट्रेलर में डिस्क्लेमर नहीं दिखाया गया है।
बता दें कि डिस्क्लेमर में ये घोषणा की जाती है कि फिल्म की कहानी किसी भी घटना या व्यक्ति से संबंधित नहीं है। फिल्म पर पूरा अधिकार उसके मेकर्स का है। रामगोपाल वर्मा की आने वाली फिल्म 'सरकार 3' के मामले में सेंसर बोर्ड ने ये आदेश दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड को लगता है कि इस फिल्म के कुछ सीन और किरदार ठाकरे परिवार से मिलते-जुलते हैं। इसलिए उन्होंने मेकर्स को ट्रेलर में डिस्क्लेमर दिखाने को कहा है।
हालांकि रामगोपाल वर्मा ने जब 'सरकार' बनाई थी तो उसमें बिग बी के बोलने का अंदाज और लुक कुछ-कुछ बालासाहेब ठाकरे से मिलता था। यहां तक कि फिल्म के दूसरे पार्ट 'सरकार 2' के कई किरदार ठाकरे परिवार के सदस्यों की झलक दिखाते थे। उस समय इस तरह का फरमान जारी नहीं किया गया था।
लेकिन इस बार पहली बार बोर्ड ने साफतौर पर कहा है कि फिल्म और उसके किरदार ठाकरे परिवार से मेल खाते हैं इसलिए फिल्म के ट्रेलर से पहले भी डिस्क्लेमर दिखाना जरूरी होगा। फिल्म का ट्रेलर जल्द दिखाया जाएगा जबकि फिल्म 7 अप्रैल को रिलीज होगी।