हिंदी सिने जगत में कभी मेगा बजट फिल्मों के लिए नाम कमाने वाली कंपनी ईरॉस नाउ ने नवरात्रि को लेकर किए गए एक अश्लील ट्वीट पर भले माफी मांग ली हो, लेकिन सोशल मीडिया पर कंपनी को लगातार गालियां सुनने को मिल रही हैं। कंपनी ने अपने ऑफीशियल ट्विटर से वह तस्वीर भी हटा ली है, जिसके चलते वह सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आई।
ईरॉस नाउ ने अपनी अगली फिल्म ‘हाथी मेरे साथी’ का मोशन पोस्टर बुधवार को रिलीज किया था। राजेश खन्ना और तनूजा की सुपरहिट फिल्म ‘हाथी मेरे साथी’ से मिलती जुलती इस फिल्म में राणा दग्गुबाती के साथ पुलकित सम्राट भी मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म के प्रचार प्रसार का काम शुरू भी नहीं हो पाया कि कंपनी एक दूसरी वजह से सुर्खियों में आ गई।