'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा' के बारे में यह चर्चा आम है कि यह अपनी पहली वाली फिल्म से बहुत कमजोर है। बावजूद इसके इस फिल्म ने इस वीकेंड में अच्छा कारोबार कर लिया है।
'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई' की सीक्वल फिल्म 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा' अच्छी ओपनिंग लेने में सफल रही है। इस फिल्म ने वीकेंड में 44 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है।
15 अगस्त के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 11 करोड़ की ओपनिंग ली। इस फिल्म को और भी अच्छी ओपनिंग मिल सकती थी लेकिन 'चेन्नई एक्सप्रेस' की वजह से फिल्म को अधिक थिएटर नहीं मिल पाए।
रिलीज के दूसरे दिन शुक्रवार को फिल्म का कलेक्शन थोड़ा गिरा और यह फिल्म करीब सवा दस करोड़ ही कमा पाई। कलेक्शन गिरने की बड़ी वजह शाहरुख की फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' थी।
शनिवार को 'वंस अपॉन' ने फिर से थोड़ी रफ्तार पकड़ी। इस दिन इस फिल्म ने करीब 12 करोड़ रूपए कमाए। इस फिल्म के लिहाज से शनिवार सबसे बेहतर दिन था।
रविवार की छुट्टी का लाभ इस फिल्म को नहीं मिला। इस दिन यह फिल्म लगभग 9 करोड़ रूपए कमा पाई। इस तरह से पहले वीकेंड में इस फिल्म ने लगभग 42 करोड़ का कारोबार कर लिया है।
42 करोड़ का कारोबार किसी भी फिल्म के ओपनिंग वीकेंड के लिहाज से शानदार माना जाता है। मिलन लूथरिया निर्देशित इस फिल्म में अक्षय कुमार, इमरान खान के अलावा सोनाक्षी सिन्हा ने मुख्य भूमिका निभाई है।