भाई शौविक के साथ रिया चक्रवर्ती (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
ड्रग्स मामले में रिया चक्रवर्ती को जमानत मिल गई है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने उन्हें सशर्त जमानत दे दी है। वहीं रिया के भाई शौविक की जमानत याचिका खारिज हो गई है। इसके अलावा ड्रग पेडलर बासित परिहार की जमानत याचिका को भी कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
रिया को एक लाख के निजी मुचलके पर जमानत मिली है। उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करना होगा। अगर उन्हें मुंबई से बाहर जाना है तो मंजूरी लेनी होगी। रिया को जब भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा उन्हें हाजिर होना होगा।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने रिया के अलावा तीन लोगों को जमानत दी है। इनमें सैमुअल मिरांडा और दीपेश सावंत भी शामिल हैं। तीनों पर जमानत के लिए एक जैसी ही शर्तें हैं। शौविक को जमानत इसलिए नहीं मिल पाई क्योंकि उन पर रिया चक्रवर्ती से ज्यादा गंभीर आरोप लगे हैं।
रिया को एनसीबी ने आठ सितंबर को गिरफ्तार किया था। उन्होंने लोअर कोर्ट से दो बार अर्जी खारिज होने के बाद हाईकोर्ट में अपील की थी। इससे पहले बीते मंगलवार को सेशन कोर्ट ने रिया की न्यायिक हिरासत 20 अक्तूबर तक बढ़ा दी थी।
रिया पर क्या हैं आरोप
सुशांत सिंह राजपूत केस में रिया चक्रवर्ती पर ड्रग्स की खरीद फिरोख्त करने का आरोप है। रिया और उनके भाई शौविक की कई चैट सामने आई थी जिसमें वो ड्रग्स पेडलर्स से बात कर रहे थे। हालांकि रिया ने खुद ड्रग्स लेने से इनकार किया है। एक इंटरव्यू में अभिनेत्री ने कहा था कि सुशांत सिंह राजपूत अक्सर ड्रग्स का सेवन करते थे। फिल्म केदारनाथ की शूटिंग के वक्त सुशांत को ड्रग्स की लत पड़ चुकी थी।