आने वाले साल के सभी बड़े त्योहारों पर बॉलीवुड की खास नजर है। अभी इसकी सारी तैयारी कर ली गई है कि कोई त्योहार बिना फिल्म के जाने न पाए। साल का पहला त्योहार मकर संक्रांति इस साल 15 तारीख को है। पोंगल और लोहिड़ी जैसे त्योहार भी इसी दिन पड़ रहे हैं। इसी दिन सनी देओल अपनी सुपरहिट फिल्म घायल का सिक्वल 'घायल, वंस अगेन' से बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। अगले दिन गुरु गोविंद सिंह जयंती का त्योहार भी है।
विज्ञापन
26 जनवरी यानि गणतंत्र दिवस पर भी अब बॉलीवुड का नजर पड़ने लगी है। अक्षय कुमार पिछले दो सालों से इन मौकों पर देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्में दे रहे हैं। इस बार 22 जनवरी को उनकी फिर से देशप्रेम पर आधारित फिल्म एयरलिफ्ट आ रही है। वहीं इसी दिन एकता कपूर की पोर्न कॉमेडी 'क्या कूल हैं हम 3' रिलीज होगी। वहीं, सनी लियोनी की 'मस्तीजादे' 29 को रिलीज की जाएगी।
अगले महीने यानि फरवरी में बसंत पंचमी है। इस मौके की ताक में कैटरीना कैफ व आदित्य रॉय कपूर हैं। 12 को बसंत पंचमी है और इसी दिन कैट-आदित्य की फिल्म फितूर रिलीज होने जा रही है। नये सितारों की फिल्म सनम रे भी इन दिनों चर्चा में है। यह भी 12 को रिलीज होगी। ये सब तो बस शुरुआती फिल्में हैं। लेकिन साल के जो असली त्योहार हैं। जिन पर फिल्में रिलीज करने को लेकर बॉलीवुड हस्तियों में झगड़े हुआ करते हैं। जैसे- होली, रक्षाबंधन, ईद, दिवाली, क्रिसमस, इन पर फिल्में तय हो गई हैं।
विज्ञापन
मार्च महीने में होगी होली
इस साल 24 मार्च को होली का त्योहार पड़ रहा है। आमतौर पर इस त्योहार को हुड़दंग से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में ठीक अगले दिन यानि 25 मार्च को सेक्स कॉमेडी ग्रेट ग्रांड मस्ती रिलीज हो रही है। इसी महीने में महा शिवरात्रि भी हैं। उनके आसपास प्रकाश झा की जय गंगाजल और कपूर एंड संस रिलीज के लिए तैयार हैं।
इसके बाद अप्रैल में यूं तो कोई बड़ा त्योहार नहीं है। लेकिन जो छोटे-छोटे त्योहार हैं, गुड़ी पड़वा, जुलेलाल जयंती, बैशाखी, अंबेडकर जयंती, राम नवमी, महावीय जयंती, ईद-मिलाद-उल नबी पर शाहरुख खान जैसे सितारों ने नजरों गड़ा रखी हैं। इस महीने में शाहरुख की जिंदगी पर बनी फिल्म 'फैन' रिलीज होगी।
मई महीने में अक्षय तृतीया पड़ेगी तो इस महीने में लंबे समय के बाद इमरान हासमी क्रिकेटर मो. अजहरुद्दीन की जिंदगी पर बनी फिल्म अजहर रिलीज की जाएगी। जून में कोई बड़ा त्योहार तो नहीं है, लेकिन पूरे जून महीने को ही छुट्टियों का महीना माना जाता है। इसलिए महीने में तीन महात्वाकांक्षी फिल्में आ रही हैं।
3 जून को दो फिल्में आएंगी। रणबीर कपूर और कैटरीना की जोड़ी वाली, जग्गा जासूस और हाउसफुल 3। जबकि 17 को, उड़ता पंजाब। शाहिद कपूर और आलिया भट्ट की जोड़ी वाली इस फिल्म में चर्चा है कि सालों बाद फिर से करीना कपूर और शाहिद कपूर साथ काम करते नजर आएंगे। लेकिन असल लड़ाई के बाद शुरू होगी। जब त्योहारों का असल मौसम आएगा।
जुलाई से शुरू हो जाएगी असली जंग
7 जुलाई को ईद है। पिछले करीब 5 सालों से ईद बॉलीवुड को खूब भा रही है। खासतौर पर सलमान खान को। इसलिए सलमान इस साल अपनी महत्वकांक्षी फिल्म 'सुल्तान' ईद पर लेकर आ रहे हैं। सुल्तान 8 जुलाई को रिलीज होने जा रही है। लेकिन उनके सामने इस बार बॉलीवुड के किंग होंगे। 8 जुलाई को ही शाहरुख खान की फिल्म रईस के भी रिलीज किए जाने की चर्चा है।
हालांकि पिछले दिनों सलमान और शाहरुख के रिश्तों में आई मिठास और हाल ही में बाजीराव मस्तानी के साथ आई शाहरुख की फिल्म दिलवाले के हश्र को देखते हुए माना जा रहा है कि रईस के रिलीज की तारीख कुछ आगे बढ़ाई जाएगी।
15 अगस्त और इसी के दो दिन बाद पड़ने वाला त्योहार रक्षाबंधन अब बॉलीवुड के लिए बेहद संवदेनशील हो गया है। इस बार आशुतोष गोवारिकर और रितिक रोशन की बेहद महत्वकांक्षी फिल्म मोहनजोड़ो 12 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। इस मौके पर अक्षय कुमार की फिल्म रुस्तम भी आएगी। लेकिन इसके बाद असल त्योहार शुरू होते हैं। एक अक्टूबर से ही नवरात्रि शुरू हो हरी है। अगली स्लाइड में जानिए, इस बार अक्टूबर में क्या?
एक अक्टूबर से नवरात्रि शुरू हो जाएगी। महीने का अंत दिवाली से होगा। इस बार दिवाली 30 अक्टूबर को पड़ रही है। बॉलीवुड ने इसकी तैयारी पहले से कर रखी है। 28 तारीख को करण जौहर अपनी अहम फिल्म ऐ दिल मुश्किल लेकर आ रहे हैं। इसमें रणबीर कपूर और ऐश्वर्या राय का रोमांस देखने को मिलेगा। उधर, इन दिनों अपनी फिल्म के लिए रातोदिन मेहनत कर रहे अजय देवगन अपनी फिल्म शिवाय भी इसी दिन रिलीज करेंगे।
दिवाली को देखते हुए तीन बाद ही सालों से अटकी फिल्म शूद्धि भी रिलीज की जाएगी। इसके बाद बारी आती है, बॉलीवुड के लिहाज से साल के सबसे बड़े त्योहारों की, क्रिसमस से लेकर नये साल तक। आमतौर पर यह पांच-छह दिन लोग लगातार छुट्टियों के मूड में होते हैं। इस बार ये पूरा मौका आमिर खान अपने नाम कर लिया है। उनकी बहप्रतीक्षित फिल्म दंगल 23 दिसंबर को रिलीज होगी।
पहले चर्चा थी कि इसी मौके पर सुपरहिट फिल्म बाहुबली के दूसरे पार्ट को भी रिलीज किया जाएगा, लेकिन बाद में इसकी रिलीज तारीख आगे बढ़ा दी गई अब यह फिल्म 2017 की जनवरी में रिलीज होगी।