हाल ही में नेटफ्लिक्स पर Bird Box Challenge नाम से ओरिजनल थ्रिलर मूवी रिलीज हुई है। फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं। मूवी एक खास थीम पर आधारित है। इस फिल्म में कई खतरनाक स्टंट और सीन हैं जिसे देख लोग इसे दोहरा रहे हैं।
वीडियो बनाने के चलते छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी देखने को मिली हैं। दर्शकों को ऐसे स्टंट से बचाने के लिए नेटफ्लिक्स को एक चेतावनी संदेश जारी करना पड़ा है। इस मूवी को Susanne Bier ने निर्देशित किया है।
इसमें एक घटना के बाद एक अमेरिकन महिला खुद को और अपने बच्चों को रहस्यमयी शक्ति से बचाने के लिए आंखों पर पट्टी बांधकर जोखिम भरी यात्राएं करती है। इस अलौकिक शक्ति ने शहर के लोगों को मार डाला है।
फिल्म में एक्ट्रेस Sandra Bullock ने मुख्य भूमिका निभाई है। अब लोग असल जिंदगी में भी आंख पर पट्टी बांधकर स्टंट कर रहे हैं। मीम्स, वीडियो बना रहे हैं और एक दूसरे को बर्ड बॉक्स चैलेंज दे रहे हैं।
कई वीडियोज सोशल प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुए हैं। किसी बड़ी दुर्घटना से बचाने के लिए नेटफ्लिक्स को ट्वीट कर चेतावनी देनी पड़ी है। नेटफ्लिक्स ने लिखा, "प्लीज इस बर्ड बॉक्स चैलेंज से खुद को हानि ना पहुंचाएं। हमें नहीं पता कि यह कैसे शुरू हुआ। हम आपके प्यार की सराहना करते हैं लेकिन 2019 के लिए सिर्फ एक इच्छा है कि आप मीम्स के कारण इसे अस्पताल में खत्म ना करें।"