कभी हां कभी ना की तर्ज पर बिपाशा बसु और उनके बॉयफ्रेंड हरमन बावेजा का शादी की दहलीज तक पहुंचा रिश्ता खत्म हो गया है। पिछले कुछ दिनों से उनके अलगाव की खबरें आ रही थीं। परंतु अब साफ हो गया है कि दोनों ने जीवन की राहों पर जुदा होने का फैसला कर लिया है।
उम्मीद तो सबको यह थी कि साल के खत्म होते-होते बांग्ला ब्यूटी बिपाशा बसु और बॉक्स ऑफिस पर कायमाबी को तरस रहे हीरो हरमन बावेजा शादी करने की घोषणा कर देंगे। लेकिन पिछले डेढ़-दो महीने में घटनाक्रम कुछ ऐसे उल्टी तरफ बढ़ा कि दोनों में ब्रेक-अप तय हो चुका है।
सूत्र खबर लाए हैं कि हरमन के परिवार ने बिपाशा को बहू बनाने से इंकार कर दिया है और हरमन ने भी इस सुंदरी से साफ कह दिया है कि वह परिवार की इच्छा के विपरीत कदम नहीं बढ़ाएंगे।
बिपाशा का दबाव सही था?
सूत्रों का कहना है कि बिपाशा इस बात के लिए हरमन पर दबाव बना रही थीं कि वह शादी के बाद परिवार से अलग सिर्फ उनके साथ रहें। यही बात दोनों के बीच तनाव और अलगाव की मुख्य वजह बनी है। सूत्रों के अनुसार दोनों ने व्यक्तिगत और पारिवारिक असहमतियों के बीच अपने रिश्ते को विराम देने का फैसला कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले दोनों के परिवारों के मिलने और इस रिश्ते पर अपनी मुहर लगाने की खबरें आई थीं। माना जा रहा था कि साल के अंत तक लोगों को यह हाईप्रोफाइल शादी देखने को मिलेगी, परंतु अब ऐसा नहीं होगा। सूत्रों का कहना है कि शुरुआत में बावेजा परिवार बिपाशा को लेकर असहज था और उसने हरमन की पसंद पर सवाल भी उठाए थे। मगर बाद में वे लोग मान गए।
जॉन के साथ रही हैं करीबियां
सबको पता है कि मॉडर्न सोच वाली बिपाशा की लंबे समय तक ऐक्टर जॉन अब्राहम से नजदीकियां रही हैं। जॉन से ब्रेक-अप के बाद बिपाशा और हरमन करीब आए थे। इस बीच बिपाशा ने हरमन के परिवार को खुश करने के लिए काफी कुछ किया। लेकिन शादी की बातों में अड़चनें तब आईं जब बिपाशा ने हरमन से कहा कि वह बावेजा परिवार की बहू बनने के बावजूद उनके घर में नहीं रहेंगी।
बल्कि दोनों अलग रहेंगे। यह बात न हरमन को जमी और न उनके परिवार को। नतीजा के रूप में दोनों के बीच अलगाव का आधार तैयार होने लगा।
सूत्रों का कहना है कि बिपाशा की ऐक्टर करनवीर सिंह ग्रोवर और हरमन की विदेशी मॉडल ओलेगा से नजदीकियां दोनों के रिश्तों को तोड़ने की असली वजह नहीं है।
तो वजह बेवफाई ही थी?
परिवार के मुद्दे पर दोनों ने जुदा होने का फैसला किया है। हाल में बावेजाओं की फिल्म चार साहिबजादे के ट्रेलर की रिलीज पर भी बिपाशा और बावेजा परिवार के बीच दूरियां मीडिया में दिखाई दी थीं। जब कार्यक्रम में बावेजा परिवार के सदस्यों ने ऐसे बताया जैसे बिपाशा मंच पर मौजूद ही नहीं हैं।
बिपाशा सार्वजनिक रूप से इस उपेक्षा से काफी नाराज हुईं। इसी तरह चार साहिबजादे के एक इवेंट में जब बिपाशा नहीं पहुंचीं तो मीडिया ने हरमन से पूछा कि क्या आपको किसी की कमी नहीं खल रही तो उन्होंने कहा कि आज मेरी बहन (रोवेना) नहीं आई हैं।
वैसे हरमन ने मीडिया में कुछ दिनों पहले बिपाशा से अलगाव के संकेत मीडिया को देने शुरू कर दिए थे। वह लगातार कह रहे थे कि मैं फिलहाल शादी नहीं कर रहा हूं। अलगाव की खबरों की पुष्टि करने के लिए मीडिया की कोशिश जारी है, परंतु हरमन और बिपाशा दोनों चुप्पी साधे हुए हैं।