कमल हासन का विवादास्पद रियलिटी शो बिग बॉस तमिल अपने दूसरे सत्र के बीच में चल रहा है। यह शो काफी समय से सुर्खियों में बना हुआ है। रियलिटी शो की शूटिंग चेन्नई के चेम्बारंबक्कम में ईवीपी फिल्म सिटी में चल रही है।
इसी बीच शूटिंग के दौरान एक हादसा हो गया, हादसे में एक वर्कर की गिरने से मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिग बॉस तमिल-2 के सेट पर एक वर्कर की मृत्यु दूसरी मंजिल से गिरने की वजह से हुई है। यह घटना शनिवार, 8 सितंबर को हुई थी। वर्कर का नाम गुनाशेखरन था और वह एरियालुर शहर का रहने वाला था। वह एक एसी मैकेनिक था जो कुछ तकनीकी दिक्कतों को ठीक करने के लिए सेट पर मौजूद था।
अचानक वह दूसरी मंजिल से फिसल गया और जमीन पर गिर गया। गुनाशेखरन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। गुनाशेखरन ने 8 सितंबर की दोपहर आखिरी सांस ली। इस मामले में नाज़रेथपेट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि तमिल बिग बॉस के सेट पर यह पहली बार ऐसा हादासा नहीं हुआ है। बिग बॉस तमिल सीजन एक की शूटिंग के दौरान भी शो के सेट पर मुंबई के एक 28 वर्षीय प्लंबर की मृत्यु हो गई थी।