आमतौर पर फरवरी के महीने में कम फिल्में रिलीज होती है। इसकी सीधी वजह इस दौरान परीक्षा देने वाले छात्रों का फिल्मों में कम रुझान दिखाना माना जाता है। पर इस साल ऐसा नहीं हो रहा है।
फरवरी के पहले शुक्रवार को एक- दो नहीं बल्कि चार-चार फिल्में रिलीज हो रही हैं। हर फिल्म का टेस्ट अलग-अलग हैं। कॉमेडी से लेकर ऑफबीट सिनेमा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए इस शुक्रवार बल्ले-बल्ले होने वाली है।
यह है सबसे बड़ी फिल्म
इस शुक्रवार रिलीज हो रहीं चार फिल्मों में सबसे बड़ी फिल्म हंसी तो फंसी है। यह एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म में सिद्घार्थ कपूर के साथ परिणिती चोपड़ा ने मुख्य भूमिका निभाई है।
यह दो अलग-अलग मिजाज के प्रेमियों के बीच प्रेम हो जाने की कहानी को दिखाती है। फिल्म में परिणिती का किरदार एक सनकी वैज्ञानिक का है। फिल्म के गाने पहले ही हिट हो चुके हैं।
शेखर सुमन आ रहे हैँ एक बार फिर
लंबे समय से फिल्मों से कोई सीधा वास्ता न रखने वाले कलाकार और टीवी एंकर शेखर सुमन अब नई पारी शुरू करने जा रहे हैँ। उनके निर्देशन में बनी फिल्म हार्टलेस में वह अपने बेटे को लांच कर रहे हैँ।
फिल्म के हीरो अध्ययन सुमन हैं। शेखर सुमन के मुताबिक यह फिल्म उनके पहले बेटे की मौत की स्थितियों पर बनाई गई है। मालूम हो कि शेखर के पहले बेटे की मौत एक आपरेशन के दौरान हो गई थी।
यह है एक द्घिअर्थी कॉमेडी फिल्म
एक द्घिअर्थी कॉमेडी फिल्म बबलू हैपी है भी इसी शुक्रवार को रिलीज होगी। नीला पांडेय निर्देशित इस फिल्म का पूरा ताना-बाना द्घिअर्थी कॉमेडी के इर्द-गिर्द बुना गया है।
फिल्म में सभी कलाकार नए हैं या फिर कुछ फिल्मों में छोटे रोल में नजर आ चुके हैं। फिल्म का वह ट्रेलर अभी से चर्चाओं में है जिसमें एक लड़की कंडोम देती हुई दिखायी जा रही है।
यह कुछ अलग मिजाज की फिल्म
एक और फिल्म इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है। 'या रब' नाम की इस फिल्म को कश्मीर और आतंकवाद की समस्या से जोड़कर दिखाया गया है। फिल्म के निर्देशक हसनैन हैदराबादवाला हैं।
फिल्म में आतंकवादा को मजहब से न जोड़कर दिखाने की अपील की गई है। फिल्म में एजाज खान और अखिलेंद्र मिश्रा की मुख्य भूमिका है। यह फिल्म सिर्फ मल्टीप्लेक्सों में ही नजर आएगी।