अभिनेत्री ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर कुछ वीडियो शेयर किए हैं, जिसमें अक्षरा की मां नीलिमा मेकअप करती दिख रही हैं और अक्षरा सामने लगे शीशे की मदद से वीडियो बना रही हैं। इस दौरान अक्षरा ने फ्रंट कट्स जीन्स पहनी है। लेकिन अभिनेत्री की मां को उनका ये स्टाइल कुछ पसंद नहीं आया और इसी वजह से वह अपनी बेटी की क्लास लगा देती हैं। अक्षरा की मां कहती हैं कि ईश्वर ने सब कुछ दिया है और फिर भी ऐसे कपड़े पहनोगी तो सही नहीं है।
अपनी मां की ये बात सुनकर अक्षरा कहती हैं कि मम्मी इंडस्ट्री की होकर आप ऐसी बात कर रही हैं? जिस पर अभिनेत्री की मां जवाब में कहती हैं कि वास्तु के हिसाब से यह सही नहीं है। अपनी मां की इस बात पर अक्षरा काफी मजेदार जवाब देती हैं। वीडियो में वह कहती दिख रही हैं कि मतलब अब वास्तु के हिसाब से पैंट बनाई जाएगी? जिस पर नीलिमा सिंह अपनी बेटी से कहती हैं कि बदतमीज हो गई हो तुम? वीडियो के आखिर में अक्षरा हंसते हुए ये भी कहती हैं कि इन्हें छुट्टी वाले दिन डांटने का मौका चाहिए। साथ ही वह ये भी बोलती हैं कि स्टाइल भी कोई चीज होती है।
बता दें कि नीलिमा सिंह एक पॉपुलर अभिनेत्री हैं। वह कई टीवी सीरियल्स में नजर आई हैं और इन दिनों नीलिमा सीरियल 'इमली' में 'बड़ी मां' की भूमिका निभा रही हैं। वहीं, अक्षरा सिंह की दो फिल्में 'जान लेबुका' और 'डोली' रिलीज के लिए तैयार हैं। 'जान लेबुका' में अक्षरा सिंह और दिनेश लाल यादव लीड रोल में हैं। वहीं फिल्म डोली में अक्षरा, रितेश पांडे के साथ लीड रोल में हैं।