दिग्गज बंगाली अभिनेता दिंपाकर डे शुक्रवार को पार्टी नेता और साथी अभिनेता ब्रत्या बासु की उपस्थिती में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। दिपांकर टॉलीवुड के मशहूर अभिनेता हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरूआत सत्यजीत रे की फिल्म 'सीमाबद्धा' से की थी। दिपांकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के मुखर समर्थक रहे हैं।
दिपांकर सत्यजीत रे द्वारा बनाई गई फिल्मों के एक मशहूर सितारे हैं जिनमें जन अरन्या, गणसूत्रा, शखा प्रोशखा और आगुंतक शामिल हैं। डे ने बहुत सी आर्ट और कमर्शियल फिल्मों में भी काम किया है। बंगाल इंडस्ट्री में वो एक जाना माना नाम हैं और अब वो राजनीति से भी जुड़ चुके हैं। टीएमसी में शामिल होने की बात पर दिपांकर ने कहा , 'मैं लंबे समय से तृणमूल समर्थक रहा हूं। हमारी मुख्यमंत्री ने मुझे बंगा विभूषण सम्मान दिया है। मैं तृणमूल के साथ बेईमानी नहीं कर सकता'।
बंगा भूषण और बंगा विभूषण पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में व्यक्ति की सेवाओं का सम्मान करने के लिए स्थापित किए गए हैं। दिपांकर डे को पश्चिम बंगाल सरकार ने बंगा विभूषण से सम्मानित किया है। दिपांकर के अलावा टीवी अभिनेता भरत कौल और लवली मित्रा भी पार्टी में शामिल हो गए। क्लासिकल संगीतकार उस्ताद राशिद खान की बेटी शोएना खान जो खुद एक संगीतकार हैं वो भी पार्टी में शामिल हो गईं।
बता दें कि दिपांकर डे ने पिछले साल ही 75 वर्ष की उम्र में अभिनेत्री डोलन रॉय से विवाह किया है। इसके चलते वो काफी चर्चा में रहे। डोलन भी बंगाली फिल्म की मशहूर अदाकारा हैं। उन्होंने पिछले साल 16 जनवरी को शादी की थी। दिपांकर और डोलन के रिश्ते की सबसे खास बात ये रही कि उन्होंने कभी अपने रिश्ते को किसी से छिपाया नहीं। दोनों काफी समय तक रिलेशनशिप में रहे और फिर उन्होंने शादी कर ली। इनकी शादी में कुछ रिश्तेदार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इसके अलावा फिल्म जगत के कुछ लोग भी इस शादी का हिस्सा रहे थे।