पिछले दिनों रिलीज़ हुई फिल्मों 'बर्फी' और 'पान सिंह तोमर' दोनों को ही बॉक्स ऑफिस पर काफी पसंद किया गया। चूंकि यह फिल्में अलग-अलग समय पर रिलीज हुईं थीं इसलिए इनका कोई आमना-सामना नहीं हुआ, लेकिन अब ऑस्कर, बाफ्टा और गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में इनका मुकाबला तय है।
गौरतलब है कि 'बर्फी' को इस साल ऑस्कर में इंडिया की ऑफिशल एंट्री के तौर पर भेजा गया है। यहां उसे बेस्ट फॉरन लैंग्वेज कैटिगरी में दुनिया भर से आईं 70 फिल्मों से मुकाबला करना होगा। इसके अलावा, यह इसी कैटिगरी में गोल्डन ग्लोब नॉमिनेशन की रेस में भी शामिल है।जबकि बाफ्टा में 'बर्फी' और 'पान सिंह तोमर' दोनों मेनस्ट्रीम कैटिगरीज़ जैसे बेस्ट ऐक्टर, बेस्ट ऐक्ट्रेस, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट सिनेमेटोग्रफी, बेस्ट साउंड, बेस्ट स्क्रीनप्ले और बेस्ट फिल्म इन फॉरन लैंग्वेज के लिए मुकाबला करेंगी।
खास बात यह है कि इन दोनों ही फिल्मों की प्रड्यूसर कंपनी एक ही है। इसलिए कंपनी ने दोनों ही फिल्मों की कैंपेनिंग के लिए लंदन, लॉस ऐंजिलिस और न्यूयॉर्क में इनकी स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। भारत की दोनों फिल्मों का आमने-सामने टकराते देखना दिलचस्प होगा।