माधुरी दीक्षित और जूही चावला दोनों एक-दूसरे की पक्की दुश्मन रही हैं। 90 के दशक की यह दोनों नायिकाएं कभी एक साथ फिल्म में नहीं आईं हैं। अब यह दोनों पहली बार एक ही फिल्म में दिख रहीं हैं। अनुभव सिन्हा ने इन्हें अपनी फिल्म 'गुलाब गैंग' में साइन किया है।
वह इस बात को लेकर तनाव में थे कि वे दोनों को साथ साथ कैसे काम करवायेंगे, लेकिन दोनों ही अभिनेत्रियों ने उन्हें चौंका दिया है। फिल्म के पहले शेडयूल की शूटिंग शुरू हो चुकी है और दोनों ही अभिनेत्रियां सेट पर दोस्त की तरह नजर आ रही हैं। वह दोनों ब्रेक में एक-दूसरे से खूब बातें कर रही हैं और फिल्म इंडस्ट्री के अपने अनुभव भी शेयर कर रहीं हैं। फिल्म की शूटिंग मुंबई के मड आइलैंड में हो रही है।
इन दोनों ने मिल कर तय किया है कि अगर सेट पर कोई स्मोकिंग करेगा तो वे उनसे 500 रुपये जुर्माना लेंगी। चूंकि दोनों ही मानती हैं कि स्मोकिंग हेल्थ के लिए अच्छा नहीं है। माधुरी और जूही ने न सिर्फ सबको सर्तक किया है, बल्कि वे जिन्हें स्मोकिंग करते देख रही हैं उनसे जुर्माना भी ले रही हैं। फिल्म चले न चले लेकिन यह अच्छी बात है कि यह दोनों प्रतिभाशाली अभिनेत्रियां अब एक-दूसरे को कोसती नजर नहीं आएंगी।
ब्योमकेश बख्शी बनेंगे सुजोय घोष
'कहानी' फिल्म बनाने वाले निर्देशक सुजोय घोष फिल्मों के साथ साथ अब अभिनय में भी अपना हाथ आजमायेंगे। जी हां, बहुत जल्द ही वह ब्योमकेश बख्शी की भूमिका करते दिखेंगे। फिल्म के निर्देशक ऋतुपर्नो घोष हैं। घोष एक खास तरह की फिल्म बना रहे हैं, जिसमें ब्यॉमकेश के नये रुप में आयेंगे। फिल्म का नाम फिलहाल 'चोरबाली' रखा गया है। फिल्म बांग्ला में होगी। बकौल सुजोय मैंने कभी सोचा नहीं था कि मैं एक्टर बनूंगा। लेकिन ऋतुपर्णो ने कहा कि मैं इस रोल के लिए फिट हूं तो मैंने तैयार हो गया। मैंने अब तक कहानी पढ़ी नहीं है। लेकिन मुझे पता है कि वह फिल्म बना रहे हैं तो यह अच्छी ही होगी। सुजोय ने कहा है कि उन्हें फिलहाल इस बात की और जानकारी नहीं कि फिल्म में और कौन कौन से कलाकार हैं। सुजोय ने यह भी कहा कि उन्होंने दूरदर्शन पर प्रसारित होनेवाले ब्यॉमकेश बख्शी की सीरिज देखी है।
अपने प्रेमी के साथ पर्दे पर दिखेंगी नीतू चंद्रा
अभिनेत्री नीतू चंद्रा का अभिनय करियर इन दिनों कोई खास रफ्तार में नहीं है, मगर इसके बावजूद वह बॉलीवुड में बनी हुई हैं। गाहे बगाहे उनके हाथ कोई न कोई फिल्म लग ही जाती है। खबर है कि नीतू के हाथ 'शूटर' नामक फिल्म लगी है। इस फिल्म वह अपने पुराने ब्वॉयफ्रेंड रणदीप हुड्डा के साथ नजर आ रही हैं। यह पहली बार होगा जब रणदीप और नीतू साथ काम करेंगे। खुद रणदीप ने बताया है कि फिल्म 'शूटर' में मेरे साथ नीतू होंगी। उन्होंने बताया है कि 'शूटर' मुंबई के एक ऐसे गरीब आदमी की कहानी है, जो अपराधी बन जाता है। बाद में परिस्थितियां कुछ ऐसी बनती हैं कि वह आगे चल कर अपना जीवन देश को समर्पित कर देता है। इस फिल्म में रणदीप शूटर की भूमिका में हैं और नीतू उनकी प्रेमिका बनेंगी। वैसे वास्तविक जिंदगी में भी दोनों एक दूसरे को डेट करते हैं और अब वह परदे पर भी रोमांस करते नजर आयेंगे। अब देखना यह है कि रणदीप के साथ उनकी जोड़ी को दर्शक पसंद करते हैं या नहीं।
शादी के बाद और हसीन हो गईं करीना
शादी के बाद करीना और हसीन हो गयी है। यह कहना है कोरियोग्राफर फरहा खान का है। फराह ने शादी के बाद करीना को फिल्म 'दबंग2' के आयटम नंबर फेविकोल सांग में कोरियोग्राफ किया है। फराह ने करीना के लिए यह बात एक टीवी चैनल की शुरुआत के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि करीना ने शादी के बाद 'फेवीकोल सॉन्ग' शूट किया है। इस सीन में उन्हें देखकर मुझे लगा कि वह पहले की तुलना में और भी ज्यादा हसीन हो गई हैं। इन दिनों फरहा आने वाली फिल्म 'दबंग 2' के आयटम नंबर 'फेविकोल सांग' को लेकर खासी उत्साहित हैं। उनके गाने ने धूम मचा दी है। 'दबंग पार्ट 1' में भी उन्होंने 'मुन्नी बदनाम' जैसा हिट नंबर दिया था जिसकी वजह से उनके गाने 'फेविकोल' को लेकर सबको उत्साह काफी बढ़ गया है। सबको उम्मीद है कि 'मुन्नी' इतना बदनाम फेविकोल सांग भी होगा।
महाभारत से दूर रहेंगे शाहरुख
शाहरुख खान का कहना है कि वह 'महाभारत' पर फिल्म नहीं बनाना चाहते। इसके पहले वह 'महाभारत' पर फिल्म बनाने की बात कह चुके हैं। हालांकि ऐसा पहली बार हुआ है जब शाहरुख ने किसी फिल्म की घोषणा करने के बाद उससे खुद को पीछे खींच लिया हो। पिछले वर्ष जब 'रा-वन' रिलीज होने वाली थी उस वक्त शाहरुख खान ने कहा था कि वह महाभारत पर फिल्म बनाना चाहते हैं। जिसमें वह कर्ण का किरदार करना चाहेंगे। शाहरुख अब इस बात से मुकर रहे हैं। उनका कहना है कि राजकुमार संतोषी 'महाभारत' पर फिल्म बना रहे हैं, इसलिए वह अब फिल्म नहीं बनायेंगे। लेकिन बी टाउन में इस बात की चर्चा है कि उन्होंने यह आइडिया इसलिए ड्रॉप कर दिया है क्योंकि उन्हें पता चल गया था कि आमिर खान इस पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। शाहरुख को यह पता है कि आमिर खान ऐसे विषयों पर ज्यादा अच्छी फिल्में बना सकते हैं।