बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता इरफान खान की आज 59वीं सालगिरह है। इस मौके पर उनके चाहने वाले उन्हें अपने-अपने तरीके से याद कर रहे हैं। अब इरफान के बेटे व अभिनेता बाबिल खान ने भी अपने पिता की सालगिरह पर उन्हें याद करते हुए एक पोस्ट किया है। बाबिल ने इंस्टाग्राम पर इरफान के साथ अपनी बचपन की तस्वीर साझा की है। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा…
बाबिल ने साझा की पुरानी तस्वीर
पिता इरफान खान को याद करते हुए बाबिल खान ने अपने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें साझा की हैं। इनमें एक तस्वीर पुरानी है, जिसमें बाबिल इरफान के साथ एक बिस्तर पर लेटे हुए हैं और उनके ऊपर अपने पैर फैलाए हुए हैं। दोनों सोते नजर आ रहे हैं। उनके आसपास साधारण तकिए और कुछ घरेलू सामान रखे हैं। जबकि एक तस्वीर में इरफान और बाबिल आमने-सामने खड़े नजर आ रहे हैं। ये तस्वीर बाबिल के बड़े होने के बाद की है। इन तस्वीरों को साझा करते हुए बाबिल ने एक खूबसूरत कैप्शन में लिखा, ‘आपकी तस्वीरें। मेरी तस्वीरें। (मैं उन पर कूदने और उनकी पीठ पर सो जाने से पहले ‘सोफा मोड एक्टिवेटेड’ कहता था)।’ कैप्शन के जरिए बाबिल ने पिता के साथ अपनी मस्ती और बिताए गए पलों को खूबसूरती से बयां किया है।