कोरोना वायरस का कहर पूरे विश्व में जारी है। भारत में भी लाखों लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। एक तरफ जहां कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़ रहा है तो वहीं दूसरी ओर इसको मात देने वालों की भी संख्या कम नहीं है।फिल्म 'बाहुबली' के निर्देशक एसएस राजामौली भी कोरोना संक्रमित हो गए थे। राजामौली के साथ उनका परिवार भी दो हफ्ते पहले इस संक्रमण की चपेट में आ गया था। लेकिन अब खबर है कि एसएस राजामौली और उनके परिवार ने कोरोना को मात दे दी है।
इस बात की जानकारी खुद एसएस राजामौली ने दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए पोस्ट साझा कर ये खुशखबरी खुद ही दी है। राजामौली ने जो पोस्ट साझा की है उसमें उन्होंने लिखा, 'दो हफ्तों का क्वारंटीन खत्म हो गया। कोई सिम्पटम्स नहीं हैं। फिर भी टेस्ट करवाया है। जो हम सभी का निगेटिव आया है। डॉक्टर्स का कहना है कि हमें तीन हफ्तों का इंतजार और करना होगा यह देखने के लिए कि क्या हमने प्लाज्मा दान के लिए पर्याप्त एंटीबॉडी विकसित कर ली है'।
बता दें कि एसएस राजामौली और उनके परिवार को दो हफ्ते पहले हल्का बुखार था जिसके बाद उन्होंने टेस्ट कराने का फैसला किया। अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर राजामौली ने बताया कि हल्के बुखार के बाद उन्होंने कोविड 19 का टेस्ट कराया जो कि पॉजिटिव आया। जिसके बाद डॉक्टर्स की निगरानी में पूरा परिवार होम क्वारंटीन हो गए थे। जिसके बाद अब पूरे परिवार की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
गौरतलब है कि राजामौली इन दिनों फिल्म 'आरआरआर' में व्यस्त हैं। इस फिल्म में रामचरण, आलिया भट्ट, अजय देवगन और श्रिया सरन अहम किरदार में हैं। पहले यह फिल्म इसी साल जुलाई में रिलीज होने वाली थी लेकिन लॉकडाउन की वजह से बंद हुई फिल्म की शूटिंग के कारण इसके निर्माताओं ने अब इस फिल्म को अगले साल आठ जनवरी को रिलीज करने का फैसला लिया है।
पढ़ें: इन 10 हीरोज ने खूंखार विलेन बनकर भी जीता दिल, रणवीर सिंह तो खुद को कमरे में कैद कर लेते थे