शायराना अंदाज में की अपनी तारीफ
आयुष्मान खुराना बहु-प्रतिभाशाली कलाकार हैं। वो एक अच्छे अभिनेता होने के साथ-साथ अच्छे गायक और लेखक भी हैं। अपनी इस तस्वीर के साथ उन्होंने शायराना अंदाज में कैप्शन लिखा। इसमें आयुष्मान ने अपने कॉलेज के दिनों को तो याद किया, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने खुद की ही तारीफ भी कर डाली। आयुष्मान ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, 'बात है पंजाब यूनिवर्सिटी के झोपडी नम्बर 14 की। मुस्कान है बेफिक्र हर दिन के रूटीन की। मास कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट की पुरानी बिल्डिंग के पीछे समोसा और चाय। यूनिवर्सिटी का सबसे प्रसिद्ध लड़का। फिर भी थोड़ा शर्मीला। इस तस्वीर के साथ ही उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद किया।
अब तक के फिल्मी करियर में दी कई सुपरहिट फिल्में
आयुष्मान खुराना का एक संघर्ष भरा सफर रहा है। फिल्म जगत में कदम रखने से पहले आयुष्मान खुराना ने बतौर आरजे और वीजे काम किया। लेकिन साल 2012 में उन्हें फिल्म विकी डोनर के जरिए अभिनय के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। इस फिल्म का निर्देशन सुजीत सरकार ने किया था। फिल्म में उनके साथ यामी गौतम मुख्य भूमिका में थी। पहली ही फिल्म से आयुष्मान ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म के बाद आयुष्मान ने कभी पीछे पलट कर नहीं देखा और उन्होंने अपने करियर में कई सफल फिल्में दीं। अंधाधुंध, बधाई हो, दम लगा के हईशा, बरेली की बर्फी सहित आयुष्मान खुराना ने कई बड़ी फिल्मों में काम किया और सभी की सभी सफल साबित हुईं। उन्हें फिल्म अंधाधुंध के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। वो जल्द ही वाणी कपूर के साथ फिल्म 'चंडीगढ़ करे आशिकी और रकुल प्रीत के साथ फिल्म डॉक्टर जी में नजर आएंगे।