कैटरीना कैफ और रणबीर कपूर के ब्रेक-अप की कहानी के नए पन्नों का खुलना जारी है। खबर है कि यदि निर्देशक अयान मुखर्जी चाहते तो यह ब्रेक-अप नहीं होता। कोई यह माने न माने, मगर कैटरीना यही मानती हैं। बताया जा रहा है कि कैटरीना को हमेशा लगता रहा कि अयान उनके भी उतने ही अच्छे दोस्त हैं जितने रणबीर के। परंतु जब मौका आया तो अयान पूरी तरह से रणबीर के पक्ष में खड़े हो गए। कैटरीना के करीबियों के मुताबिक रणबीर के साथ वेक अप सिड और ये जवानी है दीवानी बनाने वाले अयान अगर चाहते तो रणबीर को समझा सकते थे मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया।
सूत्रों के अनुसार अयान किसी भी तरह से रणबीर की इच्छा के विरुद्ध नहीं जाना चाहते थे। उन्होंने कैटरीना द्वारा मदद मांगने पर साफ कह दिया था कि वह भविष्य में भी रणबीर के साथ फिल्म बनाना चाहते हैं। अतः उन्हें नाराज नहीं कर सकते। रोचक बात यह है कि अयान रणबीर के साथ उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण के भी अच्छे दोस्त हैं। चर्चाओं को सच मानें तो अयान अगली फिल्म में रणबीर-दीपिका की जोड़ी को लेना चाहते हैं। यह वजह है कि उन्होंने रणबीर-आलिया भट्ट को लेकर फिल्म बनाने का आइडिया छोड़ दिया है।
कैटरीना रणबीर के साथ अपने रिश्ते के बिगड़ने में भी अयान का बड़ा हाथ मानती हैं। उन्हें लगता है कि अगर अयान ने सच्ची दोस्ती निभाई होती तो वह रणबीर को समझाते और यह रिश्ता बचा रह सकता था। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इस प्रकरण में अपना नाम लगातार आने के बावजूद अयान ने खामोशी ओढ़ रखी है।