ऑस्ट्रेलिया के होम अफेयर्स मिनिस्टर टोनी बर्क ने हाल ही में खुलासा किया उन्हें बॉलीवुड की फिल्में देखना काफी पसंद है और वे शाहरुख खान के बहुत बड़े फैन हैं। साथ ही उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों का जिक्र किया, जिनमें लगान, जोधा अकबर जैसी फिल्में शामिल थीं। इस बीच उन्होंने अपनी फेवरेट फिल्म के बारे में भी बताया।
पवन लूथरा के साथ ‘इंडियन लिंक’ पॉडकास्ट में जब उनसे पसंदीदा बॉलीवुड फिल्मों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने सबसे पहले शाहरुख खान का नाम लिया और कहा, ‘मैं शाहरुख खान का बहुत बड़ा फैन हूं, तो वहीं से शुरू करता हूं।’
उन्होंने शाहरुख की फिल्म ‘चक दे इंडिया’ को अपनी पसंदीदा फिल्मों में से एक बताया और कहा कि इसका खास कनेक्शन इसलिए भी है क्योंकि इसके कई हिस्से सिडनी, मेलबर्न और ब्रिस्बेन में शूट हुए थे।
मजाकिया अंदाज में जब उनसे पूछा गया कि ‘फिल्म के फाइनल हॉकी मैच में क्या उन्होंने भारत को सपोर्ट किया था?’ तो उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘नहीं, नहीं… लेकिन मैंने ‘लगान’ में भारत का सपोर्ट किया था।’
इस फिल्म को बताया फेवरेट
उन्होंने ‘जोधा अकबर’ की भी तारीफ की और इसे ‘एक खूबसूरत और शानदार फिल्म’ बताया। लेकिन उनकी फेवरेट फिल्म ‘ओम शांति ओम’ रही, जिसमें शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण ने डेब्यू किया था। टोनी बर्क ने इसे अपनी ‘ऑल टाइम फेवरेट फिल्म’ बताया और इसकी कहानी की खूब तारीफ की।
उन्होंने फिल्म का एक डायलॉग भी बोलकर बताया- ‘सिम्पल हैप्पी एंडिंग्स… अगर हैप्पी नहीं है, तो एंडिंग नहीं है, कहानी अभी बाकी है।’
'ओम शांति ओम' के बारे में
फराह खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख और दीपिका के साथ अर्जुन रामपाल, श्रेयस तलपड़े और किरन खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।