हाल ही में सलमान खान से माफी मांगने के बाद चर्चा में आए अरिजीत को एक और झटका लगा है। बताया गया कि, सलमान खान की फिल्म सुल्तान का गाना 'जग घुम्या' को पहले अरिजीत ने गाया, लेकिन सलमान ने एक पुरानी टशन के चलते उनकी जगह गाना राहत फतेह अली खान को दे दिया। इसको लेकर अरिजीत ने सलमान से माफी मांगते हुए फेसबुक पर एक लंबी पोस्ट लिख डाली। ऐसा माना गया कि अरिजीत सलमान से झगड़ा करके करियर को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते इसीलिए उन्होंने माफी मांगी है। इसके बावजूद लगता है कि अरिजीत के अच्छे दिन अभी नहीं आए हैं।
'सुल्तान' का गाना हाथ से निकलने के बाद अब अरिजीत को एक और झटका लगा है। टाइगर श्रॉफ की आने वाली फिल्म 'फ्लाइंग जट' का टाइटल ट्रैक अरिजीत गाने वाले थे लेकिन अब ये गाना उनसे लेकर आतिफ असलम को दे दिया गया है। मिड डे की खबर के अनुसार, फिल्म के म्यूजिक डायरेक्टर सचिन जिगर को अरिजीत की आवाज इस गाने के लिए जंची नही तो उन्होंने सिंगर को बदलने की दरख्वास्त निर्देशक से की और गाना आतिफ के पास आ गया। खबर है कि इस गाने के लिए 35 लाख रुपये की फीस गायक को दी जा रही है।