हिंदुस्तान हो या अमेरिका, हिंदी सिनेमा का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोलता ही है। हिंदी सिनेमा के सितारों को लेकर लोगों का दीवानापन ऐसा कि गुरुवार की शाम टाइम्स स्क्वॉयर के शेरेटन होटल से लेकर मुख्य टाइम्स स्क्वॉयर चौराहे तक मानो कोई मेला लगा रहा। जिनको हिंदी भी ठीक से बोलनी नहीं आती, जिनको ये भी नहीं पता कि उनका पैतृक शहर भारत के नक्शे पर कहां हैं और जिनको ये भी नहीं पता कि आइफा का पूरा मतलब क्या होता है, ऐसे हजारों दीवाने यहां हिंदी सिनेमा के सितारों की झलक देखने सड़कों पर उमड़ पड़े।
बॉलीवुड की दीवानगी
आइफा यानी इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवार्ड्स पहली बार न्यूयॉर्क में हो रहे हैं। नरेंद्र मोदी को अमेरिका से लौटे अभी ज्यादा दिन भी नहीं हुए हैं और भारत-अमेरिका के रिश्तों की दीवानगी ऐसी कि सलमान खान भी 16 जुलाई को अमेरिका में कैटरीना दिवस मनाने की बात करते नजर आए। होटल के बाहर जब लखनऊ में कृष से लेकर हैदराबाद की मिसेज कृष्णमूर्ति तक सलमान खान की एक झलक पाने को बेताब हो रहे थे, होटल के भीतर सलमान खान अपने पूरे अंदाज में थे।
आइफा 2017
प्रेस कांफ्रेंस में प्रेस को सवाल पूछने का मौका नहीं
आइफा अवार्ड्स का मुख्य कार्यक्रम वैसे तो यहां 15 जुलाई को मेटलाइफ स्टेडियम में होना है पर उसका समां बांधने का काम गुरुवार से ही शुरू हो गया। कहने को तो ये शुरुआत शेरेटन होटल में एक प्रेस कांफ्रेंस से हुई लेकिन शायद किसी कार्यक्रम की ये अपनी तरह की इकलौती प्रेस कांफ्रेंस थी, जिसमें प्रेस को सवाल पूछने का मौका ही नहीं दिया गया। कार्यक्रम कोई डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हुआ और शुरू होते ही पहला विघ्न तब पड़ा जब महीनों से पूरे अमेरिका में घूम घूम कर आइफा अवार्ड्स के लिए माहौल बना रहे डांस ग्रुप को स्टेज पर आने के बाद बिना अपनी परफॉरमेंस दिए ही स्टेज से उतरने को कह दिया गया। इस ग्रुप ने पूरे अमेरिका से कोई तीन सौ के करीब डांसर खोजे हैं, जो 15 जुलाई को आइफा अवार्ड्स में मुंबई के सितारों के साथ मंच पर नाचेंगे।
सलमान खान
सलमान के दोनों तरफ बिठा दिए स्पॉन्सर्स
खैर, अपने पूरे लाव लश्कर के साथ सलमान का काफिला हॉल में पहुंचा। लेकिन कैटरीना को आगे देख सलमान ने अपनी रफ्तार थोड़ी धीमी कर ली। सुशांत सिंह राजपूत, वरुण धवन, कृति सैनन, आलिया भट्ट, शाहिद कपूर, कटरीना कैफ सब अपनी अपनी सीटों पर जब जाकर बैठ गए तो सलमान खान आए। सलमान को आगे की लाइन में एक ऐसी सीट पर बिठाया गया, जिसके दोनों तरफ की सीटें स्पॉन्सर्स के लिए जानबूझकर खाली रखी गई थीं। सलमान बैठे तो उनकी बगल में बिठाए गए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल।
आइफा
जब सीट छोड़कर चल दिए सलमान
जिन्होंने सलमान की फिल्मों की शूटिंग देखी है, उनको पता है कि सलमान के सेट पर आते ही सीधे उनका शॉट ही लगाया जाता है। लेकिन, यहां सलमान आए। आकर बैठे और काफी देर तक बैठे रहे पर सलमान को किसी ने स्टेज पर नहीं बुलाया। स्टेज पर एक एक कर सारे स्पॉन्सर्स को बुलाया जाता रहा। उनकी कंपनियों ने आइफा के साथ मिलकर पिछले कुछ सालों में क्या कमाल किए, ये भी बताया जाने लगा। सलमान बोर हो गए। वो अपनी सीट से उठकर चल दिए। एक बारगी तो लगा कि जैसे सलमान जा रहे हैं, लेकिन वो ना जाने क्या सोचकर थोड़ी दूर आगे स्टेज की बाईं तरफ भीड़ में जाकर खड़े हो गए। स्टेज पर बुलाए जाने तक वह करीब 15-20 मिनट वहीं खड़े रहे। और, जब स्टेज पर उनके बोलने का नंबर आया तो उन्होंने आइफा के पूरे आयोजन को धो डाला।
आइफा
सलमान ने जमकर की आइफा आयोजकों की खिंचाई
सलमान ने कहा कि इतना बोरिंग आयोजन (प्रेस कांफ्रेंस में स्पॉन्सर्स का गुणगान) उन्होंने पहले नहीं देखा। सब कह रहे हैं कि आइफा रॉक्स और अगर यही मनोरंजन है तो वाकई आइफा रॉक्स। आयोजको के चेहरों का रंग उड़ गया। सलमान ने फिर बाद में बात को संभाला और आइफा की तारीफ भी की। ये भी कहा कि हिंदी फिल्मों के बाकी सितारों के साथ वह भी 15 जुलाई को परफॉर्म करेंगे और न्यूयॉर्क पहुंचे दुनिया भर के फिल्म प्रेमियों का मनोरंजन करेंगे।
आइफा
सलमान ने कैटरीना के लिए गाया बर्थडे सॉन्ग
सलमान यही नहीं रुके, वो बोले 16 जुलाई को कैटरीना कैफ का बर्थडे है और उसका जश्न भी वो आज और अभी से शुरू कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कैटरीना के लिए भरी महफिल में हैपी बर्थडे गाना गाया जिसमें उनका साथ स्टेज पर मौजूद बाकी सभी कलाकारों ने दिया।
आइफा
नवाजुद्दीन सिद्दीकी भीड़ में खो गए
हमेशा अपनी अलग ही स्टाइल में दिखने की कोशिश करने वाले नवाजुद्दीन सिद्दीकी को आइफा की न्यूयॉर्क कांफ्रेंस में समझ आ ही गया होगा कि सुपर स्टार वही होता है जिसे भीड़ अपना ले। हुआ यूं कि प्रेस कांफ्रेंस शुरू होने से पहले नवाजुद्दीन आकर पहली कतार की बीच की एक सीट पर बैठ गए। इतने में वहां सितारों का रेला आया तो वह साइड होते होते वो एक दम साइड लाइन हो गए। बीच की सारी सीटों पर सुशांत, वरुण, कैटरीना, कृति, सलमान, आलिया का कब्जा हो गया तो बेचारे नवाजुद्दीन पहली कतार में बिल्कुल किनारे जैकी भगनानी की बगल में जाकर सीट पा सके।