शाहरुख खान ने चार वर्ष के ब्रेक के बाद फिल्म 'पठान' के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी की और यह बात साबित कर दी कि आखिर उन्हें इंडस्ट्री का किंग क्यों कहा जाता है। शाहरुख इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'जवान' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसी कड़ी में उनकी लाडली बेटी सुहाना खान भी आगामी नेटफ्लिक्स फिल्म 'द आर्चीज' के जरिए एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। जोया अख्तर के निर्देशन में बनी इस मूवी की खूब चर्चा हो रही है। इतना ही नहीं शाहरुख खान भी प्रतिष्ठित कॉमिक बुक सीरीज के लिए अपना समर्थन देते नजर आए हैं। वहीं, किंग खान ने आस्क एसआरके सेशन भी रखा, जिसमें उन्होंने कई सवालों के मजेदार जवाब दिए और एक बार फिर हेडलाइंस का हिस्सा बन गए।
शाहरुख खान ने बेटी सुहाना खान की फिल्म 'द आर्चीज' के पोस्टर को अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर साझा किया है। इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा है, 'मुझे याद है कि जब मैं छोटा था (लाखों साल पहले) अपने आर्ची डाइजेस्ट को किराए पर लेने के लिए एडवांस में बुकिंग करता था। मुझे उम्मीद है कि फिल्म में बिग मूस भी है! पूरी कास्ट और प्यार को शुभकामनाएं।'
शाहरुख खान ने हैशटैग आस्क एसआरके का उपयोग करते हुए फैंस के लिए एक सवाल-जवाब सेशन रखा। इस दौरान किंग खान ने चाहनेवालों के सवालों के जवाब दिए और अपनी अपकमिंग फिल्म 'जवान' पर भी बात की। सत्र के दौरान, शाहरुख ने फैंस के दिलों को लुभाते हुए अपने मजाकिया और प्रेरक व्यवहार का प्रदर्शन किया।
सेशन में, एक फैन ने शाहरुख से पूछा कि उनकी आगामी फिल्म 'जवान' के लिए वह पर्याप्त प्रचार क्यों नहीं कर रहे हैं। इस सवाल के जवाब में सुपरस्टार ने लिखा, 'आप जवान प्रमोशन के बारे में पूछ रहे हैं, यही काफी है।' एक दूसरे फैन ने लिखा, 'क्या आप सोचते हैं कि आप हैंडसम हैं।' इस पर शाहरुख ने जवाब दिया, 'नहीं मुझे पता है कि मैं हैंडसम हूं।'