फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार और 'छावा' में विक्की कौशल के मामा का किरदार निभाने वाले आशुतोष राणा ने रामायण को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए हैं। फ्री प्रेस जर्नल से की गई बातचीत में आशुतोष ने प्रभु राम के आचरण उनकी मर्यादा को लेकर भी अपनी बात सामने रखी।
रामायण को लेकर बोले आशुतोष
आशुतोष राणा ने रामायण के लेकर कहा कि युगों में परिवर्तन हुए हैं, शासकों और उनके द्वारा शासित सभ्यताओं में कई परिवर्तन हुए। साथ ही विभिन्न राजनीतिक व्यवस्थाएं भी बदल गईं, लेकिन आज भी जब आदर्श समाज, संस्कृति या जीवन के सिद्धांतों को देखने की बात आती है, तो हम अभी भी संदर्भ के तौर पर रामराज्य शब्द का उपयोग करते हैं, न कि कृष्णराज्य, शिवराज या बुद्धराज्य का।
आशुतोष राणा
- फोटो : सोशल मीडिया
राम के आचरण को भी मानें
इस बातचीत में अभिनेता ने राम को लेकर कहा, "उनके नैतिक नियम बेहद खास रहे। इसलिये हमें प्रभु राम जी के सिर्फ चरण ही नहीं पकड़ने चाहिए, बल्कि उनके आचरण को भी हमें पकड़ना चाहिए।”
रावण को लेकर रखते हैं ऐसी सोच
आशुतोष राणा ने रावण और उनकी बुद्धिमत्ता के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि रावण एक बुद्धिमान, भक्त और ज्ञानी चरित्र वाला व्यक्ति है। उन्होंने कहा, 'मैंने रावण का किरदार निभाया है, उसकी खूबसूरती और खासियत इस विचार पर आधारित है कि अगर राम परम ब्रह्म, भगवान और सत्य हैं तो जब कोई व्यक्ति उनकी ऊर्जा क्षेत्र में आएगा वह भी राममय हो जाएगा। तो रावण होते हुए भी, रावण दिखायी न दे, यह खासियत है। क्योंकि शत्रु के साथ रहते रहते, आप शत्रु जैसे बन जायेंगे।'
इन फिल्मों और सीरीज में आए नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो आशुतोष राणा को हाल ही में रिलीज हुई 'छावा' में सरलश्कर हंबीरराव मोहिते के किरदार में देखा गया। इससे पहले वे साल 2024 में रिलीज हुई ओटीटी सीरीज मर्डर इन माहिम में नजर आए थे।