अरशद वारसी के लिए यह साल काफी व्यस्त रहने वाला है। हाल ही में वह 'वेलकम टू द जंगल' और राजकुमार हिरानी की पहली वेब सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' में नजर आए। अब वह अपनी अगली फिल्म 'धमाल 4' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच, वह शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का भी हिस्सा हैं, जो दिसंबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
'धमाल 4' के प्रमोशन के दौरान अरशद ने बताया कि उन्होंने किंग के लिए बिना सोचे-समझे हां क्यों कर दी।
शाहरुख खान को कभी मना नहीं कर सकता
मैशेबल इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में अरशद वारसी ने कहा कि शाहरुख खान और उनके परिवार के साथ उनका खास रिश्ता है, इसलिए वह उन्हें कभी मना नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, 'शाहरुख खान को मना नहीं कर सकता। आप उन्हें ‘ना’ नहीं कह सकते। यहां तक कि जब आर्यन का फोन आया, तो मैंने बस यही पूछा कि क्या करना है?'
अरशद वारसी, शाहरुख खान और आर्यन खान
- फोटो : सोशल मीडिया
आर्यन खान से हुई बातचीत
अरशद ने आर्यन खान के साथ हुई बातचीत को भी याद किया। उन्होंने बताया, 'वह मुझे कहानी सुना रहा था, लेकिन मैंने उससे कहा कि मुझे कुछ सुनने की जरूरत नहीं है। जो भी तुम मुझसे करवाना चाहते हो, मैं कर लूंगा। मैं यह सिर्फ इसलिए कर रहा हूं क्योंकि मैं तुम्हारे पिता और तुम्हें पसंद करता हूं। मुझे तुम्हारा पूरा परिवार बहुत पसंद है।'
धमाल 4
- फोटो : सोशल मीडिया
जुलाई में रिलीज होगी ‘धमाल 4’
किंग से पहले दर्शक अरशद को धमाल 4 में देखेंगे। यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, संजय मिश्रा और जावेद जाफरी जैसे सितारे नजर आएंगे। इसके अलावा ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन भी फिल्म का हिस्सा हैं।
ये भी पढ़ें- Sohail Khan: ‘हम उन्हें खो सकते हैं’, सलीम खान के सेमी-कोमा पर बोले सोहेल; याद कर कांप उठा दिल
किंग फिल्म
- फोटो : इंस्टाग्राम
शाहरुख खान की ‘किंग’ के बारे में
फिल्म किंग शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान की थिएटर में डेब्यू फिल्म होगी। इस फिल्म में अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अरशद वारसी, रानी मुखर्जी, राघव जुयाल, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे कई बड़े सितारे नजर आएंगे। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।